न्यूज़म ब्यूरो
भिवानी, 26 जुलाई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आज भिवानी में देशभर के छात्रों एवं युवाओं के संघर्ष की ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में विशाल ‘विजय मार्च’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने मार्च का नेतृत्व करते हुए कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा देश के छात्रों, युवाओं और लोकतांत्रिक संघर्ष की बड़ी जीत है। यह विजय उन लाखों विद्यार्थियों की आवाज़ की जीत है जिन्होंने अपने अधिकारों और न्यायपूर्ण शिक्षा व्यवस्था के लिए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष किया।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लगातार छात्रों के मुद्दों को देश की संसद से लेकर सड़कों तक मजबूती से उठाया। उनके दृढ़, निरंतर और निर्भीक नेतृत्व ने सरकार को जवाबदेह बनने के लिए मजबूर किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी तथा शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार होने तक संघर्ष जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि यह विजय मार्च केवल एक मंत्री के इस्तीफे का उत्सव नहीं, बल्कि देश के युवाओं की एकजुटता, लोकतंत्र की ताकत और न्याय की जीत का प्रतीक है। कांग्रेस पार्टी भविष्य में भी छात्रों, युवाओं और आमजन के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती के साथ संघर्ष करती रहेगी।
इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी भिवानी (शहरी) के अध्यक्ष प्रदीप गुलिया ‘जोगी’ एवं जिला कांग्रेस कमेटी भिवानी (ग्रामीण) के अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी ने संयुक्त रूप से की। कार्यक्रम में पूर्व सीपीएस राम किशन, पूर्व विधायक शिव शंकर भारद्वाज सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, छात्र-युवा साथियों तथा बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लेकर छात्रों के संघर्ष और न्यायपूर्ण शिक्षा व्यवस्था के समर्थन में अपनी एकजुटता व्यक्त की।

राव नरेंद्र सिंह ने इस सफल आयोजन के लिए जिला कांग्रेस कमेटी भिवानी (शहरी) एवं भिवानी (ग्रामीण) की पूरी टीम, सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं, मीडिया प्रतिनिधियों तथा भिवानी की जागरूक जनता का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस का संघर्ष शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए निरंतर जारी रहेगा।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।