न्यूज़म ब्यूरो
दतिया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। भाजपा एक ऐसा संगठन है, जहां हर कार्यकर्ता को अपनी मेहनत, समर्पण और कार्यशैली के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी पहचान है और यही कारण है कि पार्टी लगातार जनसेवा और सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को दतिया उपचुनाव कार्यालय में आयोजित प्रबुद्धजन एवं नगरीय-ग्रामीण मंडल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद रहे। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, प्रबुद्धजन और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यकर्ताओं से चुनाव में पूरी ताकत लगाने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल एक उम्मीदवार का नहीं, बल्कि संगठन की विचारधारा, विकास की राजनीति और जनता के विश्वास का चुनाव है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच पार्टी का सबसे मजबूत प्रतिनिधि है और उसकी सक्रिय भूमिका ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
‘सबका साथ, सबका विकास’ ही सरकार का मूल मंत्र
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र पर काम कर रही है। इसी सोच के साथ मध्यप्रदेश सरकार भी बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग के विकास और सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, निवेश, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार और किसानों के कल्याण जैसे सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
संगठन की ताकत ही भाजपा की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां परिवारवाद नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण का सम्मान होता है। एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी निष्ठा और परिश्रम के बल पर संगठन और सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां प्राप्त कर सकता है। यही भाजपा की कार्यसंस्कृति है, जिसने पार्टी को दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संगठन बनाया है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी संगठन और सरकार मिलकर जनसेवा, सुशासन और विकास के संकल्प को आगे बढ़ाते रहेंगे।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, भरत सिंह कुशवाह, पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी, राहुल कोठारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं में आगामी चुनाव को लेकर उत्साह और जोश देखने को मिला।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।




