पंचकूला। महापौर कुलभूषण गोयल ने सोमवार को सेक्टर 12 स्थित सामुदायिक केंद्र और आधुनिक बैंक्वेट हॉल का लोकार्पण किया। लगभग 1 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से बने इस भव्य बैंक्वेट हॉल में करीब 800 लोगों के एक साथ बैठने की व्यवस्था की गई है। यह सुविधा शहरवासियों के लिए पारिवारिक एवं सामाजिक समारोह आयोजित करने के लिए एक बड़ा तोहफा साबित होगी। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त आर.के. सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, पार्षद गुरमेल कौर और जय कौशिक सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
महापौर कुलभूषण गोयल ने कहा कि उनके कार्यकाल में पंचकूला के लोगों को सामुदायिक केंद्रों के रूप में कई सौगातें दी गई हैं। पहले लोगों को अपने निजी कार्यक्रमों के लिए ज़ीरकपुर या डेराबस्सी के बैंक्वेट हॉल में जाना पड़ता था, लेकिन अब शहर के सामुदायिक केंद्रों को आधुनिक रूप देकर बैंक्वेट हॉल में तब्दील किया गया है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी विकास की रफ्तार तेज रही है। गांव माणक्यां, जलौली, अलीपुर, खटौली और डबकौरी में सामुदायिक केंद्र बनाए गए हैं, जबकि बुढनपुर और रामगढ़ में दो-दो धर्मशालाओं का निर्माण किया गया है। सेक्टर 15 में 4 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से एक भव्य सामुदायिक केंद्र तैयार किया गया है। गोयल ने बताया कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के माध्यम से सेक्टर 17, 21, 23, 28, 31 और मनसा देवी कंपलेक्स 6 में भी सामुदायिक केंद्रों का निर्माण कराया गया है। वर्तमान में सेक्टर 7 और 10 में कार्य जारी है, जबकि सेक्टर 21, 25 और गांव टोका के सामुदायिक केंद्र जल्द जनता को समर्पित किए जाएंगे। इसके अलावा, सेक्टर 19 के पुराने सामुदायिक केंद्र को तोड़कर पुनर्निर्माण की प्रक्रिया का टेंडर जारी हो चुका है। महापौर ने कहा कि यह सब कार्य नागरिकों की मांग और सहयोग से संभव हुआ है। उनका प्रयास है कि पंचकूला के हर सेक्टर और गांव को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाए।