वार्ड-6 से पार्थ गुप्ता की शानदार जीत, अनिल विज बोले- जनसेवा और विकास की राजनीति की विजय
न्यूज़म ब्यूरो
चण्डीगढ़, 26 मई। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने आज पंचकूला पहुंचकर हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञानचंद गुप्ता को उनके पोते पार्थ गुप्ता के नगर निगम चुनाव में विजय प्राप्त करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विज ने कहा कि युवाओं का लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेना लोकतंत्र के लिए एक सकारात्मक संकेत है और पार्थ गुप्ता की जीत युवा नेतृत्व के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाती है।
उल्लेखनीय है कि पार्थ गुप्ता ने पंचकूला नगर निगम के वार्ड नंबर-6 से पार्षद पद का चुनाव जीतकर शानदार सफलता हासिल की है। उनकी इस जीत से क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
ऊर्जा मंत्री विज ने कहा कि जनता ने विकास, पारदर्शिता और जनसेवा की राजनीति पर अपना विश्वास जताया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि पार्थ गुप्ता युवा ऊर्जा और नए विचारों के साथ क्षेत्र के विकास तथा आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे।
विज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव युवाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें नेतृत्व के अवसर देने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि युवा जनप्रतिनिधियों के राजनीति में आने से नई सोच, नई कार्यशैली और जनहित के प्रति नई प्रतिबद्धता देखने को मिलती है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होती है।
उन्होंने पार्थ गुप्ता को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि पार्थ गुप्ता अपने क्षेत्र के लोगों की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरेंगे।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भी पार्थ गुप्ता की जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे संगठन की नीतियों और जनसेवा के प्रति जनता के विश्वास की जीत बताया। मौके पर पार्थ गुप्ता ने ऊर्जा मंत्री के पैर छूकर आर्शीवाद लिया और उनका पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस दौरान विज को शॉल ओढाकर तथा स्मृति चिन्ह देकर सममानित भी किया गया।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।


