Follow

नगर निगम आयुक्त विनय कुमार का सख्त रुख, स्वच्छता में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

Listen to this article

नगर निगम आयुक्त ने अलीपुर एमआरएफ सेंटर, झूरीवाला ट्रांसफर स्टेशन व एस्पिरेशनल टॉयलेट का किया फील्ड निरीक्षण

न्यूज़म ब्यूरो 

पंचकूला, 3 फरवरी। नगर निगम पंचकूला द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं मॉडल सिटी बनाने की दिशा में निरंतर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर निगम आयुक्त विनय कुमार ने नागरिक-केंद्रित दृष्टिकोण को सशक्त करते हुए अलीपुर स्थित एमआरएफ सेंटर (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी), झूरीवाला ट्रांसफर स्टेशन (डंपिंग ग्राउंड) तथा सेक्टर-26 स्थित एस्पिरेशनल टॉयलेट का फील्ड निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

Advertisement

एमआरएफ सेंटर तक पहुंच मार्ग और ट्रांसफर स्टेशन स्थानांतरण में तेजी के आदेश 

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अलीपुर एमआरएफ सेंटर की वर्तमान स्थिति, निर्माण एवं उपयोग की प्रगति तथा आसपास की बुनियादी सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने एमआरएफ सेंटर तक पहुंच मार्ग के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही, झूरीवाला ट्रांसफर स्टेशन को अलीपुर एमआरएफ सेंटर में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के आदेश दिए, जिससे शहर के ठोस कचरा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि झूरीवाला क्षेत्र से खुले कचरे की समस्या समाप्त होने से स्वच्छता अभियान को मजबूती मिलेगी।

विनय कुमार ने इस परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने पर जोर देते हुए कहा कि अलीपुर एमआरएफ सेंटर पंचकूला के ठोस कचरा प्रबंधन में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

आधुनिक सार्वजनिक शौचालय शीघ्र जनता को समर्पित करने के निर्देश 

इसके पश्चात नगर निगम आयुक्त ने सेक्टर-26 स्थित एस्पिरेशनल टॉयलेट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, प्रगति, सोलर पावर, स्वच्छता व्यवस्था एवं दिव्यांग-अनुकूल सुविधाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य को शीघ्र पूर्ण कर यह आधुनिक सार्वजनिक शौचालय आम जनता के लिए जल्द से जल्द उपलब्ध कराया जाए।

आयुक्त ने कहा कि एस्पिरेशनल टॉयलेट्स स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर की स्वच्छता छवि को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण परियोजनाएं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण में उच्च गुणवत्ता, समयबद्धता और बेहतर रखरखाव को प्राथमिकता दी जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

झूरीवाला ट्रांसफर स्टेशन पर कचरे को लेकर आयुक्त सख्त, एक सप्ताह में सफाई के निर्देश 

फील्ड निरीक्षण की कड़ी में विनय कुमार ने झूरीवाला ट्रांसफर स्टेशन (डंपिंग ग्राउंड) का पुनः निरीक्षण किया। हालांकि कचरे के ढेर को काफ़ी हद तक साफ़ किया जा चुका है मगर उन्होंने वहां बाक़ी कचरे को लेकर चिंता जताते हुए तत्काल सफाई कार्य समाप्त करने तथा एक सप्ताह के भीतर पूरे क्षेत्र को पूर्णतः साफ-सुथरा करने के निर्देश दिए। साथ ही, भविष्य में अनियंत्रित कचरा फैलाव रोकने के लिए डंपिंग ग्राउंड की उचित फेसिंग सुनिश्चित करने को कहा।

नगर निगम आयुक्त ने कहा कि पंचकूला को स्वच्छ, सुंदर और मॉडल शहर बनाने के लिए सभी स्तरों पर निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता अभियान में नगर निगम का सहयोग करें और कचरा केवल निर्धारित स्थानों पर ही डालें।

 

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh