Follow

पंचकुला को माडल सिटी बनाने के लक्ष्य के साथ नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करें अधिकारी : आयुक्त

आयुक्त विनय कुमार ने कार्यभार संभालते ही की अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक

जन शिकायतों के त्वरित समाधान को प्राथमिकता : आयुक्त विनय कुमार

आयुक्त ने सेक्टर-23 लेगेसी वेस्ट साइट का किया निरीक्षण, कमियां दूर करने के दिए निर्देश

आम जनता से भी आयुक्त ने की अपील, जनमानस की भागीदारी से ही लक्ष्यों को हासिल कर पाएगा निगम

न्यूज़म ब्यूरो

Advertisement

पंचकूला, 29 जनवरी : 2015 बैच के आई.आर.पी.एस. (IRPS) विनय कुमार ने नगर निगम पंचकूला के नए आयुक्त के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार ग्रहण करते ही उन्होंने आज नगर निगम के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें विभिन्न विकास एवं प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर उन्होंने भविष्य की योजनाओं, चुनौतियों तथा अपनी प्राथमिकताओं पर भी अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया।

बैठक को संबोधित करते हुए आयुक्त विनय कुमार ने कहा कि जनता की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि हर अधिकारी/कर्मचारी अपने कार्य के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए आम जनमानस की समस्याओं के निराकरण के लिए कार्य करों। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की प्रत्येक समस्या को गंभीरता से सुना जाए और प्राथमिकता के आधार पर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सीएम विंडो के माध्यम से प्राप्त सभी शिकायतों का पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने बताया कि शीघ्र ही वे एक अलग बैठक आयोजित कर सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्यवाही की समीक्षा करेंगे।

आज ही आयुक्त विनय कुमार ने सेक्टर-23 स्थित लेगेसी वेस्ट (पुराने कचरे) साइट का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान कई कमियां पाई गईं, जिस पर निगम आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन कमियों को शीघ्रातिशीघ्र दूर किया जाए, अन्यथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाएगी।

आयुक्त विनय कुमार ने कहा कि हम सबको मिलकर पंचकुला को एक मॉडल सिटी बनाना है जिसके लिए निगम को तो कार्य करना ही होगा लेकिन इसके साथ साथ आम जनता को प्रशासन के साथ मिलकर सहयोग करना होगा। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे शहर को और अधिक स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में नगर निगम का पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता एवं सौंदर्य बनाए रखने में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, जिससे सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नागरिक तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।उन्होंने कहा की नगर निगम पंचकूला जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा की आने वाले समय में नगर निगम पंचकूला में कार्य संस्कृति को सुदृढ़ करने एवं जनसेवा को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाये जाएँगे। 

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh