न्यूज़म ब्यूरो
गुवाहाटी। विधायक दल की बैठक में Himanta Biswa Sarma को असम में बीजेपी विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर आसाम में पहुंचे केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और सह पर्यवेक्षक के रूप में पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निर्वाचित मुख्यमंत्री को बधाई दी और कमल के फूलों की माला पहनाकर बधाई भी दी। हिमंत बिस्वा सरमा 12 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री Narendra Modi मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। बता दें कि विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को पर्यवेक्षक और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सह-पर्यवेक्षक का दायित्व सौंपते हुए शनिवार को गुवाहाटी भेजा गया था।

असम विधानसभा चुनाव में बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 102 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन को 21 सीटें मिलीं। इसके बाद रविवार को हुई बीजेपी विधायक दल की बैठक में हिमंत बिस्वा सरमा को सर्वसम्मति से नेता चुना गया।
शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राज्य में तैयारियां तेज़ कर दी गई हैं और बड़ी संख्या में बीजेपी नेताओं एवं समर्थकों के शामिल होने की संभावना जताई गई है।

