Follow

कांग्रेस घोषणा पत्र में भय-भ्रष्टाचार को समाप्त करना होगी प्रमुख प्राथमिकता : गीता भुक्कल

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 18 अप्रैल 2026 : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आगामी निकाय चुनावों के मद्देनज़र गठित घोषणा पत्र समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति की चेयरपर्सन एवं विधायक गीता भुक्कल ने की। इस अवसर पर समिति के सदस्य विधायक बीबी बत्रा, पूर्व विधायक जसबीर मलौर, संजीव भारद्वाज, सतीश तेजली, तरुण चुघ तथा जयवीर आंतिल भी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान प्रदेश के विभिन्न नगर निकायों में आमजन को पेश आ रही समस्याओं तथा उनके व्यवहारिक एवं प्रभावी समाधान पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। समिति के सदस्यों ने जमीनी स्तर से प्राप्त सुझावों और अनुभवों को साझा करते हुए एक जनोन्मुखी एवं समावेशी घोषणा पत्र तैयार करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर बोलते हुए समिति की चेयरपर्सन गीता भुक्कल ने बताया कि घोषणा पत्र तैयार करने के लिए संबंधित सांसदों, विधायकों एवं जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ-साथ आमजन से भी सुझाव आमंत्रित किए गए हैं, जिनमें से बड़ी संख्या में सुझाव प्राप्त हो चुके हैं।

उन्होंने आगे बताया कि प्रदेश के तीनों म्युनिसिपल कॉरपोरेशनों पंचकुला, अंबाला तथा सोनीपत के साथ साथ रेवाड़ी नगर परिषद तथा सांपला, धारूहेड़ा और उकलाना नगर पालिकाओं के लिए एक समग्र एवं संयुक्त घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा, जिसमें भय और भ्रष्टाचार को समाप्त करना प्रमुख प्राथमिकता होगी।

Advertisement

भुक्कल ने विश्वास व्यक्त किया कि समिति द्वारा तैयार किया जा रहा घोषणा पत्र आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा और नगर निकायों के समग्र विकास के लिए एक ठोस रोडमैप प्रस्तुत करेगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि घोषणा पत्र को शीघ्र अंतिम रूप देकर सार्वजनिक करने हेतु प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंप दिया जाएगा।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh