Listen to this article
समालखा मंडी में किसानों की दुर्दशा उजागर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने लिया हालात का जायजा
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने समालखा अनाज मंडी का आकस्मिक दौरा कर वहां व्याप्त अव्यवस्था और किसानों की दुर्दशा का जायजा लिया। मंडी में किसानों से सीधे संवाद करते हुए उन्होंने उनकी समस्याओं को सुना और प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि समालखा मंडी में किसान भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। बारदाना की कमी, बारिश में अनाज खुला पड़ा रहना, तौल मशीनों की अनियमितता और लोडिंग-अनलोडिंग के दौरान होने वाली अव्यवस्था जैसी कई समस्याएं किसानों को परेशान कर रही हैं। उन्होंने कहा, “किसान अपनी मेहनत की उपज लेकर मंडी आते हैं, लेकिन यहां उन्हें उचित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। यह दुर्दशा बर्दाश्त से बाहर है।”
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मंडी में मौजूद किसानों से विस्तार से चर्चा की और उनके सुझाव भी लिए। किसानों ने बताया कि कई दिनों से अनाज की नीलामी में देरी हो रही है और उचित दाम भी नहीं मिल पा रहे हैं। राव नरेंद्र सिंह ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए कहा कि वे इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों तक पहुंचाएंगे और किसानों के हित में हर संभव कदम उठाएंगे।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मंडी में तत्काल बारदाना उपलब्ध कराया जाए, शेड की व्यवस्था की जाए और तौल प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं किसान की खराब हुई फसल के मुआवजे को लेकर राव नरेंद्र सिंह ने कड़ी आपत्ति दर्ज करवाई।
उन्होंने कहा कि बेमौसमी बरसात में किसान की फसल का भारी नुकसान किया है और किसान भारी आर्थिक तंगी झेल रहा है। इसलिए सरकार तुरंत उनकी फसल की स्पेशल गिरदावरी कराकर उचित मुआवजा अदा करें।
राव नरेंद्र सिंह का यह दौरा किसान हितैषी कांग्रेस की छवि को मजबूत करने वाला माना जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ खड़ी है और उनकी हर समस्या का समाधान निकालने के लिए प्रयासरत रहेगी इस मौके पर उनके साथ पूर्व मंत्री विजेंद्र सिंह कादियान, पानीपत ग्रामीण जिला अध्यक्ष रमेश मलिक, पानीपत शहर जिला अध्यक्ष बलजीत सिंह, पूर्व युवा अध्यक्ष संजय छोक्कर, पूर्व प्रत्याशी सचिन कुंडू, कंवर सिंह छौक्कर, अंजू छौक्कर, शौर्यवीर कादियान, हेमंत सरोहा, स्थानीय किसान एवं कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What are your
Feelings