Follow

दादरी में बनेगा जिला परिषद भवन, होगा पूर्व मंत्री स्वर्गीय सतपाल सांगवान के नाम पर पार्क निर्माण

Listen to this article

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चरखी दादरी की नई सब्जी मंडी में आयोजित विकसित दादरी रैली में की अनेक घोषणाएँ

न्यूज़म ब्यूरो 

चण्डीगढ़, 11 अप्रैल। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चरखी दादरी की नई सब्जी मंडी में आयोजित विकसित दादरी रैली में अनेक घोषणाएँ की। मुख्यमंत्री ने दादरी के विधायक सुनील सांगवान द्वारा रखी गई मांगों को मंजूर करते हुए कहा कि दादरी में स्ट्रांग वाटर की निकासी के लिए लोहारू फीडर या बधवाना डिस्ट्रीब्यूटरी नदी से ड्रेन नंबर 8 तक 76 करोड़ 60 लाख की लागत से ओपन ड्रेन का निर्माण किया जाएगा।

Advertisement

इसी प्रकार सहुवास, फतेहगढ़ माइनर का नवीनीकरण और रीमॉडलिंग किया जाएगा।  गांव खातीवास, जयश्री, कोलहावासकमोद, रावलधी, मिश्री और घीकाड़ा के लिए कमोद माइनर की रीमॉडलिंग की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि  बौन्द कलां, कलानौर खुर्द, गुडान और कटेसरा गांव के लिए  बौन्द डिस्ट्रीब्यूटरी का पुनर्वास किया जाएगा।

डूडीवाला किशनपुरा, रामपुर, डूडीवाला नंदकरण, डोहका दीना गांवों की फिरनियों को पक्का करने का काम किया जाएगा।

इसी प्रकार दादरी में जिला परिषद भवन का निर्माण किया जाएगा और सिविल अस्पताल में 100 बिस्तरों के अतिरिक्त ब्लॉक का निर्माण भी करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दादरी में पीजी कॉलेज भवन का निर्माण किया जाएगा और रानीला गांव में जमीन उपलब्ध होने पर गांव को महाग्राम योजना में शामिल किया जाएगा। शहर में जल भराव की समस्या को दूर करने के लिए कालियाना गांव में जल निकासी के लिए दादरी से कलियाणा तक वर्षा जल निकासी का प्रबंध किया जाएगा।

इसी प्रकार दादरी केंद्रीय सहकारी बैंक की फीजिबिलिटी चेक करके उसकी स्थापना की जाएगी। छपार गांव को उप तहसील बनाने की मांग को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना होने के पश्चात छपार गांव को तहसील बनाने का प्रस्ताव कमेटी के पास भेज दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सारंगपुर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का नाम शहीद अमित सांगवान के नाम पर किया जाएगा। रणकोली गांव में जमीन उपलब्ध होने पर नए सरकारी आईटीआई व मिनी बस स्टैंड  की स्थापना की जाएगी। समसपुर गांव में वृद्ध आश्रम का निर्माण करवाया जाएगा।

Special Offer
ADVERTISEMENT

मुख्यमंत्री ने कहा कि चरखी दादरी में प्ले स्कूलों में आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण व मरम्मत करने का काम किया जाएगा। भागेश्वरी व अचिना गांव में जमीन उपलब्ध करवाने पर खरीद केंद्रों का निर्माण करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दादरी हल्के में 5 करोड की लागत से हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की विभिन्न सड़कों की मरम्मत की जाएगी। मुख्यमंत्री ने दादरी के सेक्टर में पूर्व मंत्री स्वर्गीय सतपाल सांगवान के नाम पर पार्क बनाने की घोषणा की।

इसी प्रकार पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान के नाम पर दादरी में एक खेल स्टेडियम का निर्माण भी करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने दादरी शहर के प्रमुख चौकों समसपुर चौक, रावलधी चौक, दादरी बायपास चौक, बाईपास पर घीकाड़ा चौक, कल्याण मोड़ चौक, कॉलेज रोड़ चौक, महेंद्रगढ़ चौक व महेंद्रगढ़ चुंगी चौक के सौंदर्यकरण के लिए 2 करोड रुपए देने की घोषणा की।

इसी प्रकार शहर में स्मार्ट रोड़ बनाने के लिए रविदास बस्ती से सरदार झाड़ू सिंह चौक, बाल्मीकि बस्ती, बड़वाना गेट से वापस सरदार झाड़ू सिंह चौक, व परशुराम चौक और आदर्श धर्मशाला चौक, ओल्ड कॉलेज रोड़ के निर्माण के लिए 32 करोड 50 लाख रुपए देने की घोषणा की।

दादरी बाईपास को फोरलेन किया जाएगा 

इसी प्रकार दादरी में न्यायिक परिसर के लिए नए भवन का निर्माण किया जाएगा। दादरी बाईपास को फोरलेन करके चौड़ा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि तिकोना पार्क से परशुराम चौक तक सड़क का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने दादरी विधानसभा की लोक निर्माण विभाग की विभिन्न सड़कों के निर्माण व सुदृढ्रीकरण के लिए 14 करोड़ 47 लख रुपए की राशि देने की घोषणा की।

इन सड़कों में समसपुर से खातीवास सड़क, बौन्द से मालपोस सड़क, घीकाड़ा से घीकाडा स्कूल सड़क, मालपास स्कूल संपर्क सड़क, रानीला बाईपास सड़क, अचीना से बिगोवा सड़क, सरूपगढ़ से सांतौर सड़क, कनहेटी से भगवी सड़क, ढाणी फोगाट सड़क, बिरही खुर्द से पांडवान सड़क शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दादरी की 162 किलोमीटर की लंबाई की 105 सड़कों की मरम्मत की जाएगी। इसी प्रकार दादरी विधानसभा की 80 किलोमीटर लंबी 23 सड़कों के लिए 233 करोड़ 83 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि दादरी विधानसभा के 25 किलोमीटर के खेतों के रास्तों को पक्का करने का काम किया जाएगा।

उन्होंने दादरी के ग्रामीण विकास के लिए 5 करोड रुपए की राशि व दादरी बार एसोसिएशन को 11 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह द्वारा रखी गई सभी मांगों की फीजिबिलिटी चेक करवा कर उन पर काम किया जाएगा।

 

What are your Feelings
Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh