Follow

SIR से उपजी चुनौतियों के आकलन व समाधान की प्रभावी रणनीति पर हुई बैठक

न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 10 अप्रैल 2026 : हरियाणा कांग्रेस द्वारा मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) के संबंध में गठित राज्य स्तरीय कार्रवाई एवं निगरानी समिति की प्रथम बैठक शुक्रवार 10 अप्रैल 2026 को चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य SIR प्रक्रिया के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित चुनौतियों का आकलन करना तथा उनके समाधान हेतु प्रभावी रणनीति तैयार करना रहा।
बैठक में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा, विधायक बी.बी. बत्रा तथा अधिवक्ता रणधीर सिंह राणा ने भाग लिया। बैठक के दौरान मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए आवश्यक कदमों पर गहन चर्चा की गई।

बैठक की जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि बैठक में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि SIR के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न हटे और न ही किसी अपात्र व्यक्ति का नाम जोड़ा जाए। इसके लिए बूथ स्तर तक मजबूत निगरानी तंत्र विकसित करने पर सहमति बनी। समिति ने यह भी निर्णय लिया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर उन्हें SIR प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया जाएगा, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
उन्होंने बताया कि हरियाणा प्रदेश कांग्रेस SIR के दौरान उत्पन्न होने वाली सभी चुनौतियों का सामना करने के लिए पूर्ण रूप से तैयार है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के कुछ अन्य राज्यों में चुनाव आयोग द्वारा सत्तारूढ़ दल भाजपा के प्रभाव में मतदाता सूचियों में गड़बड़ियां करने के प्रयास किए गए हैं, जिन्हें हरियाणा में किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और मतदाता सूची की शुचिता बनाए रखने हेतु हर संभव कदम उठाएगी।
राव नरेंद्र सिंह ने आगे बताया कि प्रदेश कांग्रेस ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल एजेंट-1 (BLA-1) की नियुक्ति कर दी है तथा अधिकांश बूथों पर बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2) भी नियुक्त किए जा चुके हैं। ये एजेंट मतदाता सूची के सत्यापन, नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की पहचान और रिपोर्टिंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि कांग्रेस पार्टी SIR प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करेगी।
Advertisement
Tap to Refresh