Follow

टोल वसूली व कलेक्टर रेट्स में बेतहाशा इज़ाफा, जनता पर बढ़ा आर्थिक बोझ : राव नरेंद्र सिंह

Listen to this article

न्यूज़म ब्यूरो 

चंडीगढ़। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने प्रदेश में टोल वसूली और कलेक्टर दरों में लगातार हो रही बेतहाशा बढ़ोतरी पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के चलते आम जनता पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे लोगों का जीवन कठिन होता जा रहा है।

राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि टोल प्लाजा पर मनमाने ढंग से वसूली की जा रही है और कलेक्टर दरों में बार-बार वृद्धि कर आम आदमी की जेब पर सीधा प्रहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता के लिए ऐसे निर्णय “जख्मों पर नमक छिड़कने” के समान हैं।

Advertisement

उन्होंने आगे कहा कि सरकार की पूरी व्यवस्था भ्रष्टाचार में लिप्त नजर आती है। प्रदेश में जगह-जगह घोटालों की खबरें सामने आ रही हैं और करोड़ों रुपये के गबन के आरोप लग रहे हैं। एक ओर जनता की खून-पसीने की कमाई भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर टोल टैक्स और कलेक्टर दरों में वृद्धि कर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार का दायित्व है कि वह जनता को राहत प्रदान करे, लेकिन इसके विपरीत लगातार नए आर्थिक बोझ थोपे जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि टोल वसूली की व्यापक समीक्षा की जाए और कलेक्टर दरों में की गई बढ़ोतरी को तुरंत वापस लिया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र इस विषय पर ठोस कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस पार्टी जनता के हित में सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
राव नरेंद्र सिंह ने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी सदैव आमजन के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी संघर्ष जारी रखेगी।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh