पंचकूला, 19 दिसंबर : पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय श्री रतनलाल कटारिया जी की 74वीं जयंती के अवसर पर अग्रवाल भवन, सेक्टर-16, पंचकूला में एक भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया, राज्य सभा सांसद रेखा शर्मा, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी, संपूर्णानंद जी महाराज, साध्वी अमृता दीदी, पूर्व शिक्षा मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, पूर्व विधायक लतिका शर्मा, मेयर कुलभूषण गोयल, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष ओम प्रकाश देवनगर सहित अनेक वरिष्ठ राजनीतिक नेता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपस्थित सभी वक्ताओं ने स्वर्गीय श्री रतनलाल कटारिया के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन को स्मरण करते हुए उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि श्री कटारिया जी ने सादा जीवन, उच्च विचार और अनुशासित राजनीतिक कार्यशैली के माध्यम से समाज एवं संगठन को मजबूती प्रदान की। वे पार्टी के प्रति पूर्णतः समर्पित रहते हुए सदैव जनसेवा के लिए तत्पर रहे और संगठन की मजबूती के लिए निरंतर कार्य करते रहे।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके सरल स्वभाव, दूरदर्शी नेतृत्व और जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता की सराहना की। सभी ने उन्हें एक कर्मठ, ईमानदार और निष्ठावान जननेता बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। स्वर्गीय रतनलाल कटारिया की धर्मपत्नी एवं वर्तमान में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बनतो कटारिया ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके जीवन मूल्यों को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।

कार्यक्रम के उपरांत रतनलाल कटारिया ट्रस्ट की ओर से समाज सेवा के तहत बच्चों को स्कूली बैग एवं ट्रैकसूट वितरित किए गए, वहीं रेड क्रॉस वृद्धाश्रम के वरिष्ठ नागरिकों को कंबल भेंट किए गए। इस सेवा कार्य के माध्यम से स्वर्गीय कटारिया के समाजसेवा के विचारों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।