ओलावृष्टि और बारिश से फसलों को हुए नुक्सान पर AAP राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा का बयान
हर प्रभावित खेत की विशेष गिरदावरी कराए बीजेपी सरकार: अनुराग ढांडा
बारिश और ओलावृष्टि से हजारों एकड़ फसल तबाह, फिर भी बीजेपी सरकार का कोई अता-पता नहीं: अनुराग ढांडा
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 17 मार्च 2026 : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने हरियाणा में हाल ही में हुई ओलावृष्टि, तेज बारिश और आंधी से किसानों की तबाह हुई फसलों को लेकर बीजेपी सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में पानीपत, करनाल, कैथल, यमुनानगर समेत कई जिलों में हजारों एकड़ गेहूं और सरसों की फसल जमीन पर बिछ चुकी है, कई इलाकों में 4 से 12 एमएम तक बारिश और तेज हवाओं के चलते 70-80 प्रतिशत तक फसल को नुकसान हुआ है, लेकिन सरकार की संवेदनहीनता इस कदर है कि अब तक न कोई ठोस सर्वे शुरू हुआ और न ही मुआवजे का कोई स्पष्ट ऐलान किया गया।
अनुराग ढांडा ने कहा कि किसान रात-दिन मेहनत करके फसल खड़ी करता है, कर्ज लेकर बीज, खाद और दवाई डालता है, लेकिन जब प्राकृतिक आपदा आती है तो सरकार पूरी तरह गायब हो जाती है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह पर कटाक्ष करते हुए कहा कि क्या उनकी कुर्सी इतनी महत्वपूर्ण है कि उन्हें किसानों की बर्बादी दिखाई ही नहीं दे रही? क्या उन्होंने एक भी प्रभावित गांव में जाकर किसी किसान से पूछा कि उसका परिवार अब कैसे चलेगा? सच्चाई यह है कि बीजेपी सरकार के लिए किसान सिर्फ चुनाव के समय याद आने वाला एक वोट बैंक है, उसके बाद उसे अपने हाल पर छोड़ दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि ग्राउंड रिपोर्ट्स साफ बता रही हैं कि कई जगह किसानों को काफी नुकसान हुआ है और गेहूं की पैदावार में 15 से 20 प्रतिशत तक गिरावट की आशंका है। सब्जियों और अन्य फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है, जिससे किसानों पर दोहरी मार पड़ी है। इसके बावजूद सरकार के अधिकारी खेतों में नजर नहीं आ रहे, न कोई राहत पहुंची है और न ही बीमा कंपनियों की तरफ से कोई सक्रियता दिख रही है।
अनुराग ढांडा ने बीजेपी पर हमला तेज करते हुए कहा कि चुनाव के समय “किसान खुशहाल” का नारा देने वाली यह सरकार आज किसानों को पूरी तरह असहाय छोड़ चुकी है। खेतों में फसल बिछी पड़ी है, किसान की आंखों में आंसू हैं और सरकार के नेता सिर्फ बयानबाजी और दिखावे में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह डबल इंजन सरकार नहीं, बल्कि “डबल धोखा” सरकार है, जो हर संकट में किसानों की पीठ फेर लेती है।
अनुराग ढांडा ने कहा कि पूरे प्रदेश में तत्काल विशेष गिरदावरी शुरू कर पारदर्शी रिपोर्ट सामने लाई जाए और फसल बीमा की राशि जल्द से जल्द सीधे किसानों के खातों में डाली जाए। साथ ही मुख्यमंत्री नायब सिंह खुद प्रभावित गांवों में जाकर किसानों से संवाद करें और ठोस राहत पैकेज का ऐलान करें।
अनुराग ढांडा ने अंत में कहा कि आम आदमी पार्टी हरियाणा के किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके हक की लड़ाई सड़कों से लेकर सदन तक लड़ेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने तुरंत विशेष गिरदावरी के आदेश नहीं दिए तो किसानों का गुस्सा और जनता की आवाज बीजेपी सरकार को जवाब देने पर मजबूर कर देगी।