Follow

महापौर कुलभूषण गोयल ने सेक्टर-19 और 16 में कई परियोजनाओं का किया शिलान्यास

Listen to this article

 

पंचकूला। महापौर कुलभूषण गोयल ने मंगलवार को शहर के विकास कार्यों को नई दिशा देते हुए सेक्टर-19 के लिए दो बड़ी सौगातें दीं। बरसाती दिनों में सेक्टर में जलभराव की समस्या को ध्यान में रखते हुए स्ट्रॉम वाटर लाइन एवं ड्रेनेज सिस्टम बिछाने का शिलान्यास किया गया। इस परियोजना के तहत तेज बारिश के दौरान जमा होने वाले पानी की पूरी तरह निकासी संभव होगी, जिससे स्थानीय लोगों को लंबे समय से हो रही परेशानी से राहत मिलेगी। साथ ही सेक्टर की आंतरिक सड़कों के पुनर्निर्माण का कार्य भी शुरू किया गया है।

महापौर ने बताया कि इन दोनों परियोजनाओं पर लगभग ढाई करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके अलावा बलटाना से सेक्टर-19 को जोड़ने वाली मुख्य सड़क के पुनर्निर्माण का भी शिलान्यास किया गया, जिससे आने-जाने में सुविधा बढ़ेगी और ट्रैफिक दबाव कम होगा। महापौर ने कहा कि आने वाले दिनों में सेक्टर-19 के पुराने सामुदायिक केंद्र को तोड़कर आधुनिक सुविधाओं से लैस नए भवन का निर्माण भी शुरू कर दिया जाएगा, जिसकी आधारशिला जल्द रखी जाएगी।

Advertisement

वार्ड पार्षद हरेंद्र मलिक ने विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा सरकार और महापौर कुलभूषण गोयल के नेतृत्व में सेक्टर-19 में करोड़ों रुपये के कार्य पूरे किए गए हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा सेक्टर में ओवरब्रिज और अंडरपास का निर्माण, पार्कों की रेनोवेशन, बॉर्डर पर सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा गेट एवं जिम की सुविधाएं स्थापित की गई हैं। इन सभी कार्यों से सेक्टर-19 आज चेहरे पर एक नई चमक लिए खड़ा है।

दूसरी ओर, महापौर गोयल ने सेक्टर-16 में भी विकास की नई सौगात देते हुए मकान नंबर 282 के पास 1603 नंबर पार्क में ईपीडीएम ट्रैक का शुभारंभ किया। यह ट्रैक स्थानीय बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुरक्षित व आधुनिक रनिंग सुविधा प्रदान करेगा। वार्ड पार्षद रितु गोयल ने बताया कि सेक्टर-16 में पहले भी स्पोर्ट्स स्टेडियम और ईपीडीएम ट्रैक का निर्माण हो चुका है तथा उनके वार्ड के सभी सेक्टरों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।

महापौर ने कहा कि पंचकूला को स्मार्ट, स्वच्छ और आधुनिक शहर बनाने के लिए नगर निगम पूरी मेहनत से कार्य कर रहा है और आने वाले समय में भी विकास की गति इसी तरह जारी रहेगी।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh