जालंधर, 8 दिसम्बर : सीमा पार से हो रही नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए सतर्क बीएसएफ जवानों ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पंजाब सीमा पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही कर बीएसएफ ने भारी मात्रा में हेरोइन, अफीम तथा पिस्तौल के पुर्जों सहित एक ड्रोन को सफलतापूर्वक जब्त किया है।

सीमा सुरक्षा बल के पंजाब फ्रंटियर के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया, बीती रात अमृतसर सीमा पर संदिग्ध ड्रोन गतिविधि के मद्देनज़र बीएसएफ के सतर्क जवानों ने गांव दाओके के निकट खेतों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान पीले रंग के टेप में लिपटे, इलूमिनेशन स्टिक एवं लूप लगे हेरोइन के 02 बड़े पैकेट (कुल वजन- 6.641 किलोग्राम) बरामद किए गए। बड़े पैकेट खोलने पर इनके भीतर नशीले पदार्थ से भरे 12 छोटे सफेद रंग के पॉली पैकेट पाए गए।

एक अन्य अभियान में, खुफिया सूचना के आधार पर बीएसएफ जवानों ने अमृतसर के गांव महवा के पास एक खेत से अफीम का 01 पैकेट (कुल वजन – 429 ग्राम) बरामद किया।

कल तरनतारन सीमा क्षेत्र में एक संदिग्ध ड्रोन गतिविधि देखी गई, जिसे बीएसएफ और पंजाब पुलिस की संयुक्त टीम ने सावधानीपूर्वक ट्रैक किया, तथा गांव डल के निकट खेत से पिस्तौल के पुर्जों सहित 01 DJI एयर-3 ड्रोन सफलतापूर्वक बरामद किया गया।

ये महत्वपूर्ण सफलताएं अंतरराष्ट्रीय सीमा पर, विशेष रूप से ड्रोन का उपयोग कर की जा रही सीमा पार तस्करी के प्रयासों को विफल करने में बीएसएफ की दक्षता, सटीक खुफिया जानकारी तथा प्रभावी ऑपरेशनल क्षमता को दर्शाती हैं।