400 मेहमानों ने किया था भोजन, उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत; खाने के नमूने जांच के लिए भेजे गए
न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 2 नवंबर। मुंबई के भांडुप-नाहुर इलाके में शादी समारोह के दौरान भोजन करने से दूल्हा-दुल्हन समेत 30 लोग बीमार पड़ गए। सभी को मुलुंड और विक्रोली के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है और सभी खतरे से बाहर हैं। मुलुंड पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आखिरी कतार में बैठे लोगों की बिगड़ी तबीयत
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, 1 नवंबर की रात नाहुर पश्चिम स्थित नालंदा बुद्ध विहार हॉल में शादी समारोह आयोजित किया गया था। इसमें करीब 400 लोगों ने भोजन किया था। बताया गया कि भोजन के दौरान आखिरी कतार में बैठे 30 लोगों को अचानक पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें रात में मुलुंड के एम.टी. अग्रवाल म्युनिसिपल अस्पताल ले जाया गया। कुछ मरीजों को मुलुंड के वर्कर्स अस्पताल और विक्रोली के म्युनिसिपल अस्पताल में भी भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज
एम.टी. अग्रवाल अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. राजू सिंह राठौड़ के अनुसार, अस्पताल में भर्ती मरीजों में दो बच्चे, नौ पुरुष और 11 महिलाएं शामिल हैं। एक महिला अस्पताल से छुट्टी लेकर घर चली गई है, जबकि अन्य मरीजों का उपचार जारी है। समय पर इलाज मिलने से सभी की हालत खतरे से बाहर है। अन्य सात मरीजों का इलाज दूसरे अस्पतालों में किया जा रहा है।
खाने के नमूने जांच के लिए भेजे
पुलिस ने भोजन के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद फूड पॉइजनिंग के कारणों का पता चल सकेगा। इस बीच, एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंडे ने घटना को गंभीर बताते हुए जांच और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
