Listen to this article
हरियाणा पुलिस का ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन’ शुरू
चंडीगढ़, 1 दिसंबर। हरियाणा पुलिस ने राज्यभर में असामाजिक तत्वों के जमावड़े वाले इलाकों को चिन्हित करते हुए ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन’ की शुरुआत कर दी है। अभियान के पहले ही दिन पुलिस ने गांवों और शहरों के संवेदनशील स्थानों पर कॉम्बिंग ऑपरेशन, सुबह-शाम गश्त, अंधेरी गलियों में लाइट व्यवस्था और सिविल प्रशासन के साथ मिलकर सफाई व निगरानी को तेज किया है। उद्देश्य स्पष्ट है—इन हॉटस्पॉट्स को पूरी तरह पुलिस डोमिनेशन में लाकर अपराधियों की गतिविधियों पर रोक लगाना।
इसी दौरान पुलिस की 24 घंटे की बड़ी उपलब्धियाँ….
राज्यभर में चल रही इसी सख़्ती के बीच, बीते 24 घंटों में हरियाणा पुलिस ने कई अहम कार्रवाई करते हुए 5 कुख्यात अपराधियों समेत कुल 136 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि अभियान शुरू होते ही पुलिस का प्रभाव तुरंत ज़मीन पर दिखाई देने लगा है।
फरीदाबाद पुलिस ने सबसे सक्रिय भूमिका निभाते हुए 25 अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा, जबकि राज्य के अन्य जिलों में भी आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए दबिशें जारी रहीं। तलाशी अभियान में पुलिस ने 1 पिस्टल, 1 राइफल, 2 मैगज़ीन और 37 ज़िंदा कारतूस भी बरामद किए, जिससे कई संभावित घटनाओं को रोका जा सके।
अवैध खनन पर पंचकूला पुलिस की 24 घंटे की सख्त कार्रवाई, 17 टिप्पर, 1 जेसीबी और 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
पंचकूला पुलिस की एंटी-इलीगल माइनिंग टीम ने लगातार गश्त और औचक जांच के दौरान अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई की है।
22 से 29 नवंबर के बीच, यानी 8 दिनों की कड़ी निगरानी में, 17 टिप्पर, 1 जेसीबी और 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए। पुलिस अब माइनिंग विभाग से सर्वेयर टीम बुलाकर लीज़ क्षेत्र और माइनिंग सीमा की जांच कराएगी।
संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी मॉनिटरिंग, कमांडो व फ्लाइंग स्क्वॉड की 24×7 तैनाती, और नियमित गश्त जारी है ताकि हर संदिग्ध वाहन पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
साइबर ठगी की 24 घंटे में दो बड़ी कार्रवाइयां,
यूपी और झारखंड से 4 आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद साइबर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो गंभीर साइबर ठगी मामलों में तेजी से कार्रवाई की और झारखंड व यूपी से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
* सेक्टर-14 की महिला से 11,22,799 रुपये की ठगी करने वाले तीन आरोपियों—अजय कुमार, अभिषेक दास और अभिषेक तिवारी—को धनबाद से दबोचा गया।
* टेलीग्राम के ‘रिव्यू टास्क’ के नाम पर 1,58,700 रुपये ठगने वाले यूपी सीतापुर के वसीम खान (20) को गिरफ्तार कर 3 दिन के रिमांड पर लिया गया।
सिरसा पुलिस की बड़ी कामयाबी : इनामी हत्यारोपी लखवीर सिंह उर्फ लक्की गिरफ्तार
सिरसा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है, जहाँ सीआईए ऐलनाबाद की टीम ने पाँच हजार रुपये के ईनामी बदमाश और हत्यारोपी लखवीर सिंह उर्फ लक्की को राजस्थान, पंजाब और दिल्ली में लगातार ठिकाने बदलकर फरार चल रहे लंबे पीछा के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह आरोपी गुरप्रीत उर्फ गुरी के अपहरण, निर्मम हत्या और शव को राज कैनाल में फेंककर सबूत नष्ट करने के सनसनीखेज मामले में वांछित था।
गैंगवार से जुड़े इस केस में आरोपी और उसके साथियों ने मृतक को सिरसा से उठाकर पहले बेरहमी से पीटा, फिर कार में रावतसर ले जाकर रस्सी से गला घोंटकर शव को पत्थरों के साथ कैनाल में फेंक दिया था। इस घटना का खुलासा सिरसा पुलिस ने महत्वपूर्ण सुराग जुटाकर किया था, जिसमें अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। प्रारंभिक पूछताछ में लखवीर ने पूरे घटनाक्रम को स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है तथा शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर सघन कार्रवाई जारी है।
What are your
Feelings