Follow

टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर फायरिंग मामले में 12वां आरोपी गिरफ्तार, बैंक खातों से खुलेगा बड़ा राज!

मुंबई क्राइम ब्रांच ने हरियाणा के सोनीपत से अमर मुंडिया को पकड़ा, आरोपियों के बीच पैसों के लेनदेन और डिजिटल माध्यमों की जांच के लिए 6 नवंबर तक पुलिस हिरासत

राहुल गुप्ता

मुंबई, 1 नवंबर। अभिनेता टाइगर श्रॉफ के जुहू स्थित आवास के बाहर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में 12वें आरोपी अमर सुरेंद्र मुंडिया को हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा से गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि मुंडिया के बैंक खाते से इस मामले के अन्य आरोपियों के खातों में पैसे ट्रांसफर किए गए थे। इन लेनदेन का स्रोत और इस्तेमाल किए गए डिजिटल माध्यमों का पता लगाने के लिए विशेष मकोका अदालत ने शनिवार को उसे 6 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

बैंक खातों से सामने आया पैसों का लेनदेन

मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने शुक्रवार को हरियाणा पुलिस की मदद से अमर मुंडिया को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे मुंबई लाने के लिए अदालत से तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड हासिल की गई। शनिवार को उसे विशेष मकोका अदालत में पेश किया गया।

Advertisement

जांच अधिकारी और सहायक पुलिस आयुक्त सदानंद राणे ने अदालत से उसकी पुलिस हिरासत की मांग की। पुलिस ने बताया कि मुंडिया के बैंक खाते से सह-आरोपियों के खातों में रकम भेजी गई थी। इन पैसों का स्रोत पता लगाने के साथ यह भी जानना जरूरी है कि लेनदेन के लिए किन मोबाइल फोन और डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल किया गया।

40 हजार और 12 हजार रुपये के ट्रांजेक्शन की जांच

पुलिस की पिछली जांच में सामने आया था कि रोहणा गांव के सह-आरोपी कुणाल ने मुंडिया के बैंक खाते में 40 हजार रुपये जमा किए थे। इसके बाद मुंडिया के खाते से एक अन्य आरोपी राधा के खाते में 12 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए थे।

पुलिस अब इन लेनदेन के पीछे की वजह और रकम के इस्तेमाल की जांच कर रही है। जांच एजेंसियों को संदेह है कि इन पैसों का इस्तेमाल फायरिंग के बाद हमलावरों के भागने के लिए इस्तेमाल की गई बाइक खरीदने, होटल में ठहरने और अन्य खर्चों के लिए किया गया हो सकता है।

11 आरोपियों की हिरासत भी 6 नवंबर तक बढ़ी

इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए 11 आरोपियों को भी विशेष अदालत ने 6 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेजा है। वहीं, फरार आरोपी अनिल पंडित की तलाश जारी है। पुलिस का आरोप है कि उसका संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से है।

फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। क्राइम ब्रांच अब अनिल पंडित और गिरफ्तार आरोपियों के बीच संबंधों, कथित गैंग में उनकी भूमिका और हमले के पीछे की पूरी साजिश की जांच कर रही है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh