Follow

युवराज सिंह का तूफान, 44 की उम्र में ठोकी फिफ्टी; ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस को भारत ने 46 रन से रौंदा

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026 के पहले मुकाबले में युवराज सिंह ने 71 रन की शानदार पारी खेली, जबकि धवल कुलकर्णी ने 4 विकेट झटके।

राहुल गुप्ता

नागपुर, 3 अक्टूबर। वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026 के पहले मैच में इंडिया चैंपियंस ने ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस को 46 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 196 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 16.2 ओवर में 150 रन पर सिमट गई। भारत की जीत में 44 साल के युवराज सिंह की तूफानी बल्लेबाजी और धवल कुलकर्णी की शानदार गेंदबाजी का अहम योगदान रहा।

युवराज सिंह ने 44 गेंदों में जड़े 71 रन

युवराज सिंह ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिर्फ 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 44 गेंदों पर 71 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 6 छक्के और 5 चौके शामिल रहे। यह इस सीजन का पहला अर्धशतक भी रहा।

भारत की ओर से पारी की शुरुआत करने आए नमन ओझा ने 31 रन बनाए। अंबाती रायुडू 4 रन बनाकर आउट हुए, जबकि तीसरे नंबर पर उतरे स्टुअर्ट बिन्नी 13 रन ही बना सके।

Advertisement

युसूफ पठान और ऋषि धवन ने भी बरसाए रन

युसूफ पठान ने भी तेजी से रन बनाते हुए 20 गेंदों पर 37 रन बनाए। उनकी पारी में 4 छक्के और 1 चौका शामिल था। हालांकि, उनके भाई इरफान पठान सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

ऋषि धवन ने अंत में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। उन्होंने महज 12 गेंदों में 4 छक्के और 1 चौके की मदद से नाबाद 35 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से बेन हिल्फेनहॉस, बेन लॉफलिन और फवाद अहमद ने 2-2 विकेट हासिल किए।

डार्सी शॉर्ट के 65 रन भी नहीं बचा सके ऑस्ट्रेलिया को

197 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पूरी टीम 16.2 ओवर में 150 रन पर ऑलआउट हो गई। डार्सी शॉर्ट ने 28 गेंदों पर 65 रन की पारी खेली, जबकि जो बर्न्स ने 45 रन बनाए। जोनाथन वेल्स के बल्ले से 11 रन निकले।

इन तीन बल्लेबाजों के अलावा ऑस्ट्रेलिया के बाकी आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। भारत की ओर से धवल कुलकर्णी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए, जबकि मोहित शर्मा ने 3 विकेट झटके। इस तरह इंडिया चैंपियंस ने मुकाबला 46 रन से अपने नाम कर लिया।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh