घूरने की बात पर गणपति मंडल के 18 वर्षीय कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने के बाद बढ़ा विवाद, बीच-बचाव और कारण पूछने पहुंचे मंडल अध्यक्ष राजेश देवेंदर की चाकू घोंपकर हत्या
राहुल गुप्ता
मुंबई, 19 सितंबर।
मुंबई के घाटकोपर पूर्व स्थित कामराज नगर में शुक्रवार रात मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सेवन स्टार स्पोर्ट्स क्लब गणपति मंडल के सामने हुए विवाद में एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गणपति मंडल के अध्यक्ष राजेश राजेंद्रन देवेंदर (35) के रूप में हुई है। पंतनगर पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घूरने की बात पर गणपति मंडल कार्यकर्ता को मारा थप्पड़
पुलिस के अनुसार, घटना कामराज नगर में बीएमसी स्कूल के पास सेवन स्टार स्पोर्ट्स क्लब गणपति मंडल के सामने हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गणपति मंडल का 18 वर्षीय कार्यकर्ता विनय शर्मा वहां मौजूद था। इसी दौरान आरोपी रौनक सोनवणे ने उसे थप्पड़ मार दिया।
बताया जा रहा है कि रौनक को लगा कि विनय उसे गुस्से से घूरकर देख रहा है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई और मामला बढ़ गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मंडल अध्यक्ष राजेश राजेंद्रन देवेंदर मौके पर पहुंचे और विनय को थप्पड़ मारने का कारण पूछने लगे।
कारण पूछने पहुंचे राजेश पर चाकू से हमला
पुलिस के अनुसार, राजेश के मौके पर पहुंचने के बाद आरोपी रौनक सोनवणे और उसके साथियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर रौनक ने कथित तौर पर राजेश की छाती में चाकू घोंप दिया।
चाकू से हमला होने के बाद राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, राजेश और आरोपियों के बीच पहले से कोई विवाद नहीं था। बताया जा रहा है कि विनय के रौनक की ओर घूरकर देखने की बात से शुरू हुआ विवाद ही बाद में इतना बढ़ गया कि राजेश पर जानलेवा हमला कर दिया गया।
एक अन्य व्यक्ति भी घायल, सात आरोपी गिरफ्तार
घटना में आनंद तिवारी नामक व्यक्ति भी घायल हुआ है। आरोपियों पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के भी आरोप हैं।
पंतनगर पुलिस ने रौनक सोनवणे, आकाश सोनवणे, अश्विन उनवणे, श्रेयस शुक्ला, बबलू और स्टीफन सेगल नाडर उर्फ अण्णा समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
