कार्यकर्ताओं के समर्पण और मेहनत से ही भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा संगठन है : मोहन लाल बड़ौली
नायब सैनी सरकार में बिना भेदभाव के हर क्षेत्र में हो रहा है समान विकास : मोहन लाल बड़ौली
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 16 अप्रैल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने गुरुवार को सोनीपत भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ संगठन के आगामी कार्यक्रमों, निकाय चुनाव की रणनीति और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, विधायक पवन खरखौदा, विधायक निखिल मदान, निवर्तमान मेयर राजीव जैन सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि पार्टी का संगठन ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ताओं के समर्पण व मेहनत के बल पर ही भाजपा लगातार सफलता प्राप्त कर रही है। उन्होंने नगर निगम चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत का दावा करते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनता के बीच जाएं और पार्टी की नीतियों एवं उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नायब सैनी सरकार ने प्रदेश के विकास के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिनका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे “कमल के फूल” को विजयी बनाने के लिए दिन-रात मेहनत करें और प्रत्येक बूथ पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव केवल प्रत्याशी नहीं, बल्कि पूरे संगठन की सामूहिक जिम्मेदारी होती है, इसलिए सभी एकजुट होकर काम करें और भाजपा की जीत सुनिश्चित करने में अपनी अहम भूमिका निभाएं।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रदेश की नायब सैनी सरकार प्रदेश के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही। बिना भेदभाव किए हर क्षेत्र में समान विकास हो रहा है। गरीब कल्याण की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाएं, लोगों से मिलें और उन्हें नायब सैनी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दें।

मोहन लाल बड़ौली ने कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हुए कहा कि वे एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरें और पार्टी के प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा की जीत केवल एक चुनावी सफलता नहीं होगी, बल्कि यह जनता के विश्वास और विकास की निरंतरता का प्रतीक होगी।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने भी बैठक को संबोधित करते हुए नायब सैनी सरकार की विभिन्न उपलब्धियों को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने पारदर्शिता, सुशासन और विकास के नए मानक स्थापित किए हैं। जनहित की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिला रहा है। कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यों के कारण प्रदेश में सकारात्मक माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से निकाय चुनाव में जनता भाजपा को ही आशीर्वाद देगी।
जिला अध्यक्ष अध्यक्ष अशोक भारद्वाज ने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से भाजपा नगर निगम चुनावों में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अनुशासन, समर्पण और एकजुटता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाएं और जनता से निरंतर संपर्क करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों से अवगत कराएं।