Follow

क्या फिर साथ आएंगे दोनों शिवसेना गुट? हेमंत पाटिल के बयान से अटकलें तेज

शिंदे गुट के विधायक बोले, राजनीति में कभी भी कुछ भी हो सकता है, कहा, एकनाथ शिंदे का फैसला सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को मंजूर होगा

भाजपा के साथ स्थानीय स्तर पर मतभेद स्वीकारे, पालकमंत्री से पहल की अपील

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 31 अक्टूबर। महाराष्ट्र की राजनीति में शिवसेना के दोनों गुटों के फिर से एक साथ आने की अटकलें तेज हो गई हैं। शिवसेना (शिंदे गुट) के विधायक हेमंत पाटिल के बयान ने इस चर्चा को हवा दी है। उन्होंने कहा कि राजनीति में कभी भी कुछ भी हो सकता है। जिनके खिलाफ जिंदगीभर संघर्ष किया, उनके साथ भी बैठने का समय आ सकता है। हालांकि, उन्होंने दोनों गुटों के एक होने को लेकर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की।

शिंदे के फैसले पर सबकी नजर

Advertisement

हेमंत पाटिल ने कहा कि दोनों शिवसेना गुटों के एकजुट होने को लेकर एकनाथ शिंदे जो भी उचित फैसला लेंगे, वह पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को स्वीकार होगा। उन्होंने कहा कि शिवसेना के दो गुट बनने के बावजूद जमीनी स्तर पर आम शिवसैनिकों के बीच आपसी आत्मीयता कायम है। दोनों गुटों के कार्यकर्ता आज भी एक-दूसरे के सुख-दुख में शामिल होते हैं।

पाटिल ने कहा कि यदि शिवसेना में विभाजन नहीं हुआ होता तो महाराष्ट्र का राजनीतिक परिदृश्य अलग होता। उन्होंने नांदेड जिले का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी और कार्यकर्ताओं को मौजूदा दौर में जिस संघर्ष का सामना करना पड़ रहा है, ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती।

भाजपा से स्थानीय मतभेद स्वीकारे

पाटिल ने महायुति के घटक दल भाजपा और शिवसेना के बीच स्थानीय स्तर पर मतभेद होने की बात भी स्वीकार की। उन्होंने कहा कि इन विवादों को दूर करने के लिए जिले के पालकमंत्री को पहल करनी चाहिए और आपसी मतभेदों का जल्द समाधान करना चाहिए।

वरिष्ठ नेताओं को समय रहते ध्यान देने की सलाह

महायुति की स्थिति पर उन्होंने कहा कि गठबंधन में फिलहाल कोई बड़ी दरार या खटास नहीं है। हालांकि, वरिष्ठ नेताओं को स्थानीय स्तर पर उभर रहे मतभेदों पर समय रहते ध्यान देने की जरूरत है। पाटिल के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में सवाल उठने लगे हैं कि क्या भविष्य में एकनाथ शिंदे और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुटों के बीच फिर से कोई राजनीतिक तालमेल बन सकता है। फिलहाल इस दिशा में दोनों पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh