Listen to this article
अकाली दल अध्यक्ष ने कानूनी टीम गठित कर घोषणा की कि पार्टी पंजाब पुलिस द्वारा गैर कानूनी रूप से गिरफ्तार किए गए सभी कार्यकर्ताओं के लिए कानूनी लड़ाई लड़ेगी
तरनतारन उपचुनाव के दौरान पीड़ित सभी कार्यकर्ताओं के परिवारों से मुलाकात की
तरनतारन/चंडीगढ़, 17 नवंबर। शिरोमणी अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल ने सोमवार को आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान की कठपुतली बनकर काम कर रहे पंजाब पुलिस अधिकारियों को चेतावनी दी कि वे अकाली कार्यकर्ताओं को अवैध रूप से गिरफ्तार करने से गुरेज करें अन्यथा उन्हें अदालत में घसीटा जाएगा और कानून के अनुसार दंडित किया जाएगा।
तरनारन के विभिन्न गांवों में पंजाब पुलिस द्वारा गैरकानूनी रूप से गिरफ्तार किए गए अकाली कार्यकर्ताओं के परिवारों से मिलने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए अकाली दल अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब पुलिस की कार्रवाई में आप सरकार की हताशा स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। उन्होने कहा कि सक्रिय अकाली कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है और यहां तक कि उनके परिवार की महिला सदस्यों को भी बख्शा नही जा रहा। इसे शर्मनाक करार देते हुए कहा कि आप उम्मीदवार हरमीत संधू को इन गांवो से उम्मीद के अनुसार वोट नही मिलने के कारण पंजाब पुलिस देर रात और सुबह अकाली नेताओं के घरों पर छापेमारी कर रही है।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए सरदार बादल ने कहा कि कांग्रेस, भाजपा यां किसी अन्य राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ताओं यां नेताओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नही की जा रही है और केवल अकाली नेताओं और कार्यकर्ताओं को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है। उन्होने कहा कि अतीत में उन्होने इससे पहले कभी अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ ऐसी पुलिस कार्रवाई नही देखी और डीजीपी और मुख्यमंत्री ने पंजाब को एक ‘पुलिस राज्य’ में बदल दिया है। उन्होने कहा कि अदालतें भी इन गैरकानूनी गिरफ्तारियों के लिए पुलिस अधिकारियों को फटकार लगा रही है।
सरदार बादल ने आप सरकार की कठपुतली बनकर काम करने वाले अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें ऐसा करने पर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए, क्योंकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल का मुश्किल से एक साल बचा है। उन्होने कहा कि इससे पहले कभी किसी सरकार में ऐसी हताशा नही देखी। सरदार बादल ने कहा, बूथ पर कब्जा करने और सीट जीतने के बाद भी वे अपने अहंकार को संतुष्ट करने के लिए राजनीतिक बदलाखोरी में लिप्त हैं।
अकाली दल अध्यक्ष ने गिरफ्तार किए गए सभी लोगों के परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मिलने की घोषणा करते हुए कहा कि पार्टी पंजाब पुलिस द्वारा अवैध रूप से हिरासत में लिए गए प्रत्येक अकाली कार्यकर्ता के कानूनी मामले लड़ेगी । इसीलिए उन्होने विशेष रूप से तरनतारन उपचुनाव के मामलों को संभालने के लिए पार्टी की कानूनी टीम का गठन किया। उन्होने यह भी खुलासा किया कि कई मामलों में पुलिस टीमें अकाली कार्यकर्ताओं के घरों से डी.वी.आर और सी.सी.टी.वी फुटेज जब्त कर रही है क्योंकि इसमें उनकी अवैध गतिविधियां रिकाॅर्ड हो गई हैं।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए सरदार बादल ने आरोप लगाते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की सूची खुद हरमीत सिंह संधू ने तैयार की है- यह वही नेता है जो हाल ही में अकाली दल छोड़कर आप पार्टी में शामिल हुए हैं। उन्होने कहा,‘‘ संधू उन लोगों से अपना बदला ले रहे हैं, जिन्होने उनके साथ मिलकर पार्टी को धोखा देने से इंकार कर दिया । वह एक गददार हैं, जिन्होने अपनी मां पार्टी की पीठ में छूरा घोंपा है। यह उनका आखिरी चुनाव था- क्योंकि लोग अब कभी किसी भगोड़े को वोट नही देंगें। सरदार सुखबीर सिंह बादल के साथ पूर्व मंत्री गुलजार सिंह रणीके, रविंदर सिंह ब्रहमपुरा, पार्टी उम्मीदवार प्रिंसिपल सुखविंदर कौर रंधावा, तेजिंदर सिंह मिडडूखेड़ा, अलविंदर सिंह पखोके, गौरव वल्टोहा और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
अकाली दल अध्यक्ष ने पुलिस द्वारा निशाना बनाए गए परिवारों के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए एम्मा खुर्द, एम्मां कलां, डोडे, छापा, सराय अमानत खान, भुच्चर कलां, शेख और फैलोके सहित कई गांवों का दौरा किया। इससे पहले उन्होने गांव चब्बल में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया, जहां उन्होने आप सरकार के भारी दबाव के बावजूद अकाली दल के समर्थन में वोट डालने के लिए लोगों का आभार व्यक्त किया।
What are your
Feelings