Follow

क्रेन खोलते समय 100 फीट ऊंचाई से गिरा हिस्सा, दो मजदूरों की दर्दनाक मौत; दो घायल

निर्माणाधीन इमारत में हुए हादसे के बाद पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। तकनीकी खराबी, मानवीय चूक और सुरक्षा इंतजामों की जांच जारी है।

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में एक निर्माणाधीन इमारत में क्रेन खोलने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। क्रेन का करीब 100 फीट ऊंचा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया, जिससे दो मजदूरों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। घायलों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

यह हादसा गणेशपेठ इलाके में सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। उस समय क्रेन को खोलने का काम किया जा रहा था। मौके पर क्रेन ऑपरेटर समेत चार लोग काम कर रहे थे। हादसे में क्रेन ऑपरेटर और एक मजदूर की जान चली गई, जबकि दो मजदूर घायल हो गए।

भंडारा और उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे मृतक

मृतकों की पहचान भंडारा जिले के विश्वनाथ काठाने और उत्तर प्रदेश के मुकेश निषाद के रूप में हुई है। वहीं, घायल दोनों मजदूर झारखंड के रहने वाले हैं। उनका इलाज ओरियन अस्पताल में जारी है।

Advertisement

यह निर्माण कार्य महाराष्ट्र आवास एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) की एक इमारत में चल रहा था। म्हाडा ने यह काम निजी कंपनी को सौंपा था। क्रेन को खोलने के दौरान उसका ऊपरी हिस्सा टूटकर गिर गया।

तकनीकी खराबी या मानवीय चूक, जांच जारी

पुलिस उपायुक्त राहुल मदने ने बताया कि घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या मानवीय चूक की वजह से।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्रेन खोलने के दौरान जरूरी सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं। मामले की जांच एक वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक कर रहे हैं।

इंजीनियरों और ठेकेदार से होगी पूछताछ

निर्माण कार्य म्हाडा के तहत विजय कंपनी से जुड़े एक ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा था। पुलिस सरकारी पर्यवेक्षक इंजीनियरों, म्हाडा के इंजीनियरों और निर्माण कंपनी के पर्यवेक्षक इंजीनियरों से पूछताछ कर सकती है।

पुलिस घटनास्थल पर सुरक्षा इंतजामों और काम की निगरानी से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। डीसीपी राहुल मदने के मुताबिक, घटनास्थल पर सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं है। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh