Follow

दांडिया खेलते समय ऐसा क्या हुआ कि 8 साल की दोस्ती का हुआ खौफनाक अंत? लोहे की रॉड से युवक की हत्या

छत्रपति संभाजीनगर के मुकुंदवाड़ी इलाके में मामूली विवाद के बाद 20 वर्षीय पुष्कर गाडे की हत्या का आरोप उसके जिगरी दोस्त महेश पवार पर लगा है।

राहुल गुप्ता

छत्रपति संभाजीनगर, 22 अक्टूबर। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में दांडिया खेलने के दौरान हुए मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। मुकुंदवाड़ी इलाके के संघर्षनगर में आठ साल से गहरी दोस्ती निभा रहे दो युवकों के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक की जान चली गई। आरोप है कि नशे में धुत महेश पवार उर्फ भोऱ्या ने अपने दोस्त पुष्कर सतीश गाडे (20) पर लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। यह घटना रविवार रात की बताई जा रही है।

सिर, चेहरे और गर्दन पर किए वार

जानकारी के मुताबिक, दांडिया खेलने के दौरान पुष्कर का वहां मौजूद एक व्यक्ति से मामूली विवाद हो गया था। इस बात को लेकर वह काफी गुस्से में था और लगातार अपने दोस्त महेश से उस व्यक्ति को पीटने के लिए कह रहा था। इसी बात पर पुष्कर और महेश के बीच भी कहासुनी शुरू हो गई।

Advertisement

आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद महेश ने पुष्कर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। उसने पुष्कर के सिर, चेहरे और गर्दन पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद संघर्षनगर इलाके में तनाव और हलचल का माहौल है।

एक महीने पहले ही शुरू की थी नौकरी

पुष्कर गाडे अपने माता-पिता और बहन के साथ संघर्षनगर में रहता था। उसके पिता टेम्पो चालक हैं। बताया जा रहा है कि पुष्कर ने करीब एक महीने पहले ही कपड़ों की एक दुकान में नौकरी शुरू की थी। वहीं, आरोपी महेश पवार मजदूरी करता है।

दोनों के बीच करीब आठ साल से गहरी दोस्ती थी। लेकिन दांडिया खेलने के दौरान शुरू हुए विवाद ने इस दोस्ती का दर्दनाक अंत कर दिया।

हत्या और एट्रोसिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज

इस मामले में मुकुंदवाड़ी पुलिस थाने में हत्या के साथ एट्रोसिटी एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। अदालत ने आरोपी महेश पवार को 23 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना से पहले पुष्कर और महेश के बीच विवाद हुआ था। हालांकि, पूरे घटनाक्रम और हत्या से जुड़ी परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh