Follow

डिलीवरी बॉय बनकर घर में घुसे दो बदमाश, एक फरार और दूसरे की मौत से उलझा पूरा मामला

राहुल गुप्ता
नागपुर, 30 सितंबर। मंगलवार शाम एक महिला के घर लूट की कोशिश करने पहुंचे दो बदमाशों को लोगों ने पकड़ लिया। दोनों डिलीवरी बॉय बनकर घर में दाखिल हुए थे और चाकू की नोक पर गहने छीनने की कोशिश कर रहे थे। शोर मचने पर आसपास के लोग जुट गए और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, घटना शाम करीब 4:30 बजे की है। न्यू मनीष नगर स्थित मॉडल मिल समिति में उषा देवी दास धार्मिक के घर दो अज्ञात युवक घुस गए। एक आरोपी ने महिला के गले पर चाकू रखकर गहने छीनने की कोशिश की। महिला ने विरोध करते हुए शोर मचा दिया। इस दौरान आरोपियों के हाथ टूटा हुआ आधा मंगलसूत्र लगा।

शोर सुनकर उषा देवी की बहू हॉल में पहुंची तो आरोपियों ने उसे भी गहने और नकदी देने की धमकी दी। बहू ने बच्चों को कमरे में रखने के बहाने खुद को अंदर बंद कर लिया और तुरंत अपने पति व पड़ोसियों को घर में लूट की सूचना दी।

टी-शर्ट बदलते देख लोगों को हुआ शक

सूचना मिलते ही महिला का बेटा दोस्तों के साथ घर पहुंचा। इसके बाद पड़ोसियों के साथ मिलकर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। घटनास्थल से कुछ दूरी पर दो युवक डिलीवरी बॉय की टी-शर्ट बदल रहे थे। उन्हें देखकर लोगों को शक हुआ।

पूछताछ में दोनों ने खुद को निर्माण कार्य में मजदूर बताया, लेकिन जब उनसे काम की जगह दिखाने को कहा गया तो वे घबरा गए। इसके बाद लोगों का शक और गहरा गया। भीड़ ने दोनों को घेर लिया।

Advertisement

एक भाग निकला, दूसरे को पुलिस के हवाले किया

मौका पाकर एक आरोपी दीपक पाटील वहां से फरार हो गया, जबकि दूसरे आरोपी सुमेध राजेंद्र गजभिए को लोगों ने पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और बेलतरोड़ी थाने की टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस के मुताबिक, थाने पहुंचने के बाद सुमेध ने तबीयत खराब होने की बात कही। इसके बाद उसे इलाज और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान न्यू नरसाला निवासी सुमेध राजेंद्र गजभिए के रूप में हुई है।

मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी स्पष्ट

नागपुर के ज्वाइंट कमिश्नर नवीनचंद्र रेड्डी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और मामले से जुड़ी अन्य परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

नागपुर पुलिस की क्राइम ब्रांच पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, निर्धारित प्रक्रिया के तहत सीआईडी भी मामले की जांच करेगी। पुलिस फरार आरोपी दीपक पाटील की तलाश में जुटी है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh