Follow

तुषार कपूर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी, 5 करोड़ रुपये की मांगी रंगदारी

हैरी बॉक्सर बनकर भेजा गया धमकी भरा ऑडियो, मुंबई पुलिस की जांच में आवाज का असली सैंपल से नहीं हुआ मिलान।

राहुल गुप्ता

मुंबई, 3 नवंबर। बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। अभिनेता को एक अज्ञात व्यक्ति ने ऑडियो संदेश भेजकर धमकी दी और खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य हैरी बॉक्सर बताया। तुषार कपूर ने तुरंत इसकी सूचना मुंबई पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच एंटी एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंप दी है।

ऑडियो की आवाज का सैंपल से किया गया मिलान

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, क्राइम ब्रांच की तकनीकी टीम ने तुषार कपूर को भेजे गए धमकी भरे ऑडियो की जांच की। इसके लिए पुलिस के पास मौजूद हैरी बॉक्सर के असली ऑडियो सैंपल से आवाज का मिलान किया गया।

Advertisement

मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, दोनों ऑडियो की आवाज आपस में मेल नहीं खाई। शुरुआती जांच में धमकी को फर्जी होने का संदेह जताया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि किसी शरारती तत्व ने दहशत फैलाने के लिए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल किया हो सकता है।

धमकी भेजने वाले की तलाश में पुलिस

फिलहाल पुलिस उस व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है, जिसने अभिनेता को यह ऑडियो संदेश भेजा था। जांच की जा रही है कि इसके पीछे किसी व्यक्ति की शरारत है या कोई संगठित गिरोह इस मामले में शामिल है।

जितेंद्र और एकता कपूर के परिवार से हैं तुषार

तुषार कपूर अभिनेता जितेंद्र और निर्माता शोभा कपूर के बेटे हैं। उनकी बहन एकता कपूर टीवी और फिल्म जगत की जानी-मानी निर्माता हैं।

तुषार कपूर ‘मुझे कुछ कहना है’, ‘क्या दिल ने कहा’, ‘जीना सिर्फ मेरे लिए’ और ‘ये दिल’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। हालांकि, उन्हें खास पहचान ‘क्या कूल हैं हम’ सीरीज और ‘गोलमाल’, ‘गोलमाल रिटर्न्स’ तथा ‘गोलमाल 3’ जैसी कॉमेडी फिल्मों से मिली। फिल्म ‘शोर इन द सिटी’ में उनके गंभीर अभिनय की भी सराहना हुई थी।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh