Follow

प्रदर्शन से पहले हिरासत में लिए गए तुषार गांधी, मुंबई में पुलिस की सख्ती से बढ़ा सियासी तनाव!

चुनाव आयोग के खिलाफ अगस्त क्रांति मैदान में प्रदर्शन करने जा रहे थे महात्मा गांधी के परपोते, शिवाजी पार्क समेत कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई

राहुल गुप्ता

मुंबई, 10 अक्टूबर। महात्मा गांधी के परपोते और लेखक तुषार गांधी को मुंबई पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वह शनिवार को चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए अगस्त क्रांति मैदान जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने नेशनल कॉलेज के पास उन्हें हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया है और मुंबई में भी विरोध प्रदर्शन की तैयारी की जा रही थी।

शिवाजी पार्क में सुरक्षा बढ़ाई गई

सीजेपी के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए मुंबई पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। दादर स्थित शिवाजी पार्क में जगह-जगह पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पार्क के मुख्य प्रवेश द्वार पर भी पुलिस बल मौजूद है, ताकि कोई प्रदर्शनकारी अंदर प्रवेश न कर सके।

Advertisement

इससे पहले 2 अक्टूबर को शिवाजी पार्क में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान तुषार गांधी मंच पर मौजूद थे। पुलिस को आशंका थी कि एक बार फिर यहां प्रदर्शन हो सकता है। इसी के मद्देनजर एहतियातन सुरक्षा बढ़ाई गई।

अगस्त क्रांति मैदान में प्रदर्शन की तैयारी

मुंबई में विरोध प्रदर्शन के लिए आजाद मैदान निर्धारित स्थान है, जबकि शिवाजी पार्क में प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। हालांकि, अगस्त क्रांति मैदान में तुषार गांधी और कुछ संगठनों ने दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक प्रदर्शन करने की अनुमति मांगी थी। खबर के मुताबिक, पुलिस की ओर से इस अनुमति पर अब तक फैसला नहीं हुआ था।

तुषार गांधी ने लगाया था दबाव बनाने का आरोप

इससे पहले तुषार गांधी ने आरोप लगाया था कि मुंबई पुलिस उन्हें और उनके साथियों को फोन करके शनिवार को अगस्त क्रांति मैदान में होने वाला प्रदर्शन रद्द करने के लिए कह रही थी। उन्होंने प्रदर्शन से पीछे हटने से इनकार करते हुए कहा था कि वह भारतीय लोकतंत्र की रक्षा के लिए दिल्ली के जंतर-मंतर पर हो रहे आंदोलन के समर्थन में 10 अक्टूबर को दोपहर 3:30 बजे प्रदर्शन करेंगे, भले ही उन्हें गिरफ्तार क्यों न होना पड़े।

तुषार गांधी ने सविनय अवज्ञा और सत्याग्रह के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए नारा दिया था, ‘ज्ञानू, शाह, मोदी चले जाओ!’ उन्होंने मुंबई के लोगों से भी प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh