न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 27 अप्रैल। हरियाणा विधानसभा के एक दिवसीय सत्र की शुरुआत में पिछले समय में हरियाणा की महत्वपूर्ण शख्सियतों के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए 2 मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, इनेलो के विधायक आदित्य देवीलाल और हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण सहित पूरे सदन ने हरियाणा विधानसभा के भूतपूर्व उपाध्यक्ष गोपी चंद गहलोत तथा भूतपूर्व सांसद जंगबीर सिंह के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
सदन ने दिवंगत महानुभावों द्वारा देश व प्रदेश को दी गई उल्लेखनीय सेवाओं को याद करते हुए उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया । दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उनके परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त की।
इनके अलावा सदन ने शहीद सैनिकों लेफ्टिनेंट अमित सिंह, सूबेदार धर्मवीर, सहायक उप निरीक्षक जागेराम, हवलदार राजेश कुमार, हवलदार वीरेंद्र सिंह, नायक अशोक कुमार, काॅरपोरल अमन, लांस नायक नरेश अहलावत, सिपाही अरविन्द्र सिंह, बाबूलाल, नवीन यादव, हिमांशु कौशिक, नवीन कुमार, अमन कुमार, जयदीप व मोहित को मातृभूमि की एकता एवं अखंडता की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने पर उनके अदम्य साहस व वीरता के लिए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।