Follow

नम आंखों से दी एनएल शर्मा को अंतिम श्रद्धांजलि, CM ने परिजनों से मिलकर जताया शोक

श्रद्धांजलि सभा बनी प्रेरणा सभा, देशभर के नेताओं, विद्युत क्षेत्र की हस्तियों व गणमान्य व्यक्तियों ने दी श्रद्धांजलि
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 2 अगस्त। हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (HERC) के अध्यक्ष एवं एसजेवीएन के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक रहे स्वर्गीय नन्दलाल शर्मा की पावन स्मृति में रविवार को पंचकूला में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। यह सभा केवल शोक व्यक्त करने तक सीमित नहीं रही, बल्कि उनके आदर्शों, कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण को स्मरण करने तथा उन्हें जीवन में अपनाने का संकल्प लेने का अवसर बन गई। देशभर के राजनीतिक, प्रशासनिक और विद्युत क्षेत्र की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों द्वारा भेजे गए शोक संदेशों को पढ़ा  गया। पूरा वातावरण भावुक था और उपस्थित सभी लोगों ने नम आँखों से स्वर्गीय नन्दलाल शर्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके दूरदर्शी नेतृत्व, गरिमामय सार्वजनिक जीवन और ऊर्जा क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान को याद किया।
 
श्रद्धांजलि सभा से पूर्व हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बीते शनिवार शाम पंचकूला स्थित स्वर्गीय शर्मा के आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मिलकर अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। स्वर्गीय शर्मा अपने पीछे पत्नी ललिता शर्मा, पुत्र अभिनव शर्मा, पुत्री अदिति शर्मा तथा दामाद वासु डोगर सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
 
सभा में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह तथा एसजेवीएन की पूर्व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक गीता कपूर सहित अनेक प्रमुख हस्तियों के शोक संदेश पढ़े गए। सभी ने नन्द लाल शर्मा को एक दूरदर्शी प्रशासक, कुशल प्रबंधक और ऊर्जा क्षेत्र का सशक्त नेतृत्वकर्ता बताते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।
इस अवसर पर एचईआरसी के सदस्य एवं  कार्यवाहक अध्यक्ष मुकेश गर्ग ने कहा, “आज की यह श्रद्धांजलि सभा नहीं, बल्कि एक प्रेरणा सभा प्रतीत हो रही है।” स्वर्गीय शर्मा ने हमेशा बिजली उपभोक्ताओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके नेतृत्व में आयोग की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहित आधारित बनी। उन्होंने कहा कि शर्मा के आदर्श, सादगी और कार्य के प्रति समर्पण सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
 
एचईआरसी के सदस्य शिव कुमार ने कहा कि स्वर्गीय नन्द लाल शर्मा का जीवन सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण था। उपभोक्ताओं के हितों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और पारदर्शी कार्यशैली उन्हें एक अलग पहचान देती थी। ऊर्जा क्षेत्र में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।
 
श्रद्धांजलि सभा में एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा, हिमाचल प्रदेश कैडर के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अजय मित्तल, एसजेवीएन के पूर्व कार्यकारी निदेशक सलील शमशेरी ने भावुक होकर नन्द लाल शर्मा को श्रद्धांजलि दी। हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग शर्मा को अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचे। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनसे जुड़ी स्मृतियों को भावुक होकर साझा किया।
 
सभा के अंत में सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहन करने का साहस प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। पूरे आयोजन में एक ही भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी कि स्वर्गीय नन्द लाल शर्मा केवल एक सफल प्रशासक ही नहीं, बल्कि अपने सिद्धांतों, पारदर्शिता, जनसेवा और उपभोक्ता हितों के प्रति समर्पण के कारण सदैव प्रेरणा बने रहेंगे। यही कारण रहा कि श्रद्धांजलि सभा, उपस्थित सभी लोगों के लिए एक सच्ची “प्रेरणा सभा” बन गई।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh