Follow

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, डीजीपी ओपी सिंह ने तैयारियों का लिया जायज़ा

14 आईपीएस, 54 डीएसपी और 5,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

 

कुरुक्षेत्र/ चंडीगढ़, 24 नवम्बर। गुरु श्री तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस समागम और अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव–2025 में 25 नवम्बर को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आगमन को देखते हुए कुरुक्षेत्र जिला हाई-अलर्ट पर है। वीवीआईपी सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए व्यापक और बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

 

 

Advertisement

कुरुक्षेत्र में अभूतपूर्व सुरक्षा तैनाती

 

14 आईपीएस, 54 डीएसपी, तथा विभिन्न जिलों से आई महिला एवं पुरुष टुकड़ियों सहित लगभग 5,000 पुलिस कर्मियों को सुरक्षा ड्यूटी पर लगाया गया है। शहीदी दिवस समागम स्थल, अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव परिसर से लेकर प्रधानमंत्री के पूरे रुट तक सुरक्षा ड्यूटियाँ दिन-रात की शिफ्टों में तैनात हैं।

 

 

डीजीपी ओपी सिंह ने दिया सख्त संदेश, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

पुलिस महानिदेशक श्री ओपी सिंह ने आज कार्यक्रम स्थलों के निरीक्षण के बाद अधिकारियों की बैठक लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान ड्यूटी में जरा-सी भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के रुट और मुख्य कार्यक्रम स्थलों पर “चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान” तैनात रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से लैस करते हुए मुख्य मार्गों, चौराहों और भीड़ वाले बिंदुओं पर हाई-रिज़ॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी “तीसरी आँख” हर गतिविधि पर रियल-टाइम निगरानी रखेगी।

 

 

 

ड्रोन व ग्लाइडर उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध

 

प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान पूरे कुरुक्षेत्र में ड्रोन और ग्लाइडर उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पुलिस अधीक्षक श्री नीतीश अग्रवाल ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से किसी भी कंपनी, संस्था या व्यक्ति को ड्रोन/ग्लाइडर उड़ाने की अनुमति नहीं होगी। इस संबंध में सभी थाना प्रभारियों और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं।

 

 

 

वरिष्ठ अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण

 

प्रधानमंत्री कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए डीजीपी ओपी सिंह, एडीजीपी लॉ एंड ऑर्डर संजय कुमार, एडीजीपी सीआईडी सौरभ सिंह, आईजीपी सीआईडी अशोक कुमार, आईजीपी अंबाला रेंज पंकज नैन, एसपी कुरुक्षेत्र नीतीश अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने ज्योतिसर और पुरुषोत्तमपुरा बाग का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh