फ्लाईओवर बनने से पलवल में ट्रैफिक जाम की समस्या हुई खत्म
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 6 मार्च : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पलवल क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कोई कमी नहीं है। 200 बेड के जिला अस्पताल और 50 बेड के सब-डिविजनल अस्पताल के माध्यम से नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में प्रश्नकाल के दौरान विधायक रघुबीर तेवतिया द्वारा पलवल और बल्लभगढ़ के बीच ट्रामा सेंटर बनाने जाने के संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्थानीय विधायक जिस स्थान की बात कर रहे हैं, उससे 500 मीटर दूरी पर 200 बेड का जिला अस्पताल, पलवल स्थित है। दूसरी तरफ केवल 2 किलोमीटर की दूरी पर 50 बेड का सब-डिविजनल अस्पताल भी स्थित है, जिससे लोगों को उपचार के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
विधायक द्वारा बताई गई ट्रैफिक जाम की स्थिति के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में पलवल में जाम की स्थिति नहीं है। पहले जाम की समस्या होती थी, लेकिन अब फ्लाईओवर बनने के बाद यातायात व्यवस्था काफी सुगम हो गई है।

सड़क दुर्घटना के पीड़ित “पीएम राहत योजना” का उठा सकेंगे लाभ
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सड़क दुर्घटना में पीड़ित लोगों के लिए “पीएम राहत योजना” शुरू की है जिसके तहत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को ₹1.5 लाख तक कैशलेस उपचार मिलेगा। भारत भर में सड़क दुर्घटना पीड़ित अब प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत कैशलेस मेडिकल केयर का लाभ उठा सकेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री आज हरियाणा विधानसभा सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रही थी।
आरती सिंह राव ने बताया कि जिला पलवल में ट्रामा केयर सुविधाओं वाले आयुष्मान भारत पैनल में कई बड़े निजी अस्पतालों को शामिल किया गया है। इनमें 120 बिस्तरीय तुला अस्पताल पलवल , 55 बिस्तरीय सचिन अस्पताल, 55 बिस्तरीय मनोज अस्पताल होडल, 35 बिस्तरीय पलवल अस्पताल पलवल तथा 30 बिस्तरीय गोल्डन अस्पताल शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने सदन के सदस्य द्वारा पलवल से बल्लभगढ़ के बीच ट्रॉमा सेंटर बनाने के संबंध में जानकारी दी कि 200 बिस्तरीय जिला अस्पताल पलवल मात्र आधा किलोमीटर , 200 बिस्तरीय बी.के अस्पताल फरीदाबाद मात्र 2 किलोमीटर की दूरी पर , अमृता आयुर्विज्ञान संस्थान फरीदाबाद मात्र 5 किलोमीटर और 50 बिस्तरीय अस्पताल एसडीएच बल्लभगढ़ हाइवे के पास ही स्थित है।