हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने किया आयोजन स्थल का निरीक्षण
पंचकूला में 6 से 9 दिसंबर तक होगा इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल (IISF) 2025 का भव्य आयोजन
हज़ारों छात्र, शोधकर्ता और विज्ञान प्रेमी होंगे शामिल
ISRO–DRDO के वरिष्ठ वैज्ञानिक करेंगे सत्रों में भागीदारी
पंचकूला, 4 दिसंबर। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा आयोजित इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल (IISF) वर्ष 2025 का आयोजन 6 दिसंबर से 9 दिसंबर 2025 तक दशहरा ग्राउंड, सेक्टर-5, पंचकूला में किया जा रहा है। यह पहला अवसर है जब यह प्रतिष्ठित आयोजन उत्तर भारत में हो रहा है। इस भव्य कार्यक्रम में भारत के विभिन्न राज्यों से हज़ारों छात्र, युवा शोधकर्ता और विज्ञान प्रेमी भाग लेंगे। साथ ही, ISRO, DRDO एवं अन्य अग्रणी वैज्ञानिक संस्थानों के वरिष्ठ वैज्ञानिक तथा शोधकर्ता भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे और विभिन्न सत्रों एवं संवाद कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायज़ा लेने हेतु हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीरवार रात आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन हरियाणा और विशेषकर पंचकूला के लिए गौरव का विषय है और इससे वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। इस मौके पर उपायुक्त सतपाल शर्मा, पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता, नगराधीश जागृति सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी और भारत सरकार के संबंधित अधिकारी मौजूद थे ।

इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल (IISF) 2025 का 11वां संस्करण “विज्ञान से समृद्धि: आत्मनिर्भर भारत के लिए” थीम पर आयोजित किया जा रहा है। इस फेस्टिवल का उद्देश्य भारत को विज्ञान और नवाचार आधारित राष्ट्र के रूप में विकसित करने की दिशा में हो रहे प्रयासों को प्रदर्शित करना है। कार्यक्रम में भव्य एग्ज़िबिशन, थीमैटिक कॉन्क्लेव, स्टार्टअप शोकेस, छात्रों और वैज्ञानिकों के बीच संवाद सत्र, तथा राष्ट्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न पब्लिक आउटरीच गतिविधियाँ शामिल होंगी।
इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल का उद्देश्य आम जनता में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना, नवाचार को प्रोत्साहित करना तथा युवाओं को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में योगदान देने के लिए प्रेरित करना है।