Follow

देश की भावी पीढ़ी को भव्य चौक से मिलेगी भगवान श्री परशुराम के पदचिन्हों पर चलने की प्रेरणा : डा. अरविंद शर्मा

Listen to this article

पर्यटन एवं सहकारिता मंत्री डा. अरविंद शर्मा ने पिहोवा में भगवान श्री परशुराम चौक का किया उद्घाटन

कैबिनेट मंत्री ने विकास कार्यों के लिए 11 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की

न्यूज़म ब्यूरो  

Advertisement

चंडीगढ़, 20 मार्च : हरियाणा के सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डा. अरविंद शर्मा ने कहा कि पिहोवा में निर्मित भगवान श्री परशुराम चौक से देश की भावी पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह चौक युवाओं को भगवान श्री परशुराम के आदर्शों पर चलने के लिए आत्मबल प्रदान करेगा और तीर्थ नगरी पिहोवा के सौंदर्यीकरण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

शुक्रवार को पिहोवा में नगरपालिका द्वारा आयोजित कार्यक्रम में संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। इससे पूर्व उन्होंने भगवान श्री परशुराम चौक का विधिवत उद्घाटन किया और विकास कार्यों के लिए 11 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की। इस अवसर पर उन्होंने मां सरस्वती मंदिर में मत्था टेककर पूजा-अर्चना भी की।

उन्होंने कहा कि पिहोवा एक प्रमुख तीर्थ नगरी है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु हर वर्ष आते हैं। इस भव्य चौक की सुंदरता और आकर्षण यहां आने वाले पर्यटकों पर विशेष छाप छोड़ेगा, जिसे वे अपने-अपने क्षेत्रों तक लेकर जाएंगे।

डा. अरविंद शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। मोरनी हिल्स, कुरुक्षेत्र सहित अन्य स्थानों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है, जिससे पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।

डा. शर्मा ने कहा कि भगवान श्री परशुराम के नाम पर यह भव्य चौक बनाना सराहनीय पहल है। चौक पर स्थापित शंख और उस पर स्थापित होने वाली भगवान श्री परशुराम की प्रतिमा से इसकी भव्यता और बढ़ेगी।उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार सरस्वती नदी के जल प्रवाह को पिहोवा तक लाने के लिए प्रयासरत है। पिहोवा ड्रेन को सरस्वती ड्रेन घोषित किया जाएगा और मुख्य मार्ग को फोरलेन बनाने का कार्य भी शीघ्र शुरू होगा।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh