Follow

लगभग 2 लाख 27 हजार करोड़ रुपए का बजट होने का अनुमान| हरियाणा के बजट 2026-27 पर बतौर वित्तमंत्री नायब सिंह सैनी ने किए दस्तखत

Listen to this article

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़। आखिरकार वो घड़ी आ ही गई, जबकि ये तय होने जा रहा हो कि हरियाणा की पौने तीन करोड़ की आबादी को बजट में कोई राहत मिलेगी या फिर नए कर की मार पड़ेगी।

Advertisement

सोमवार सुबह करीब 11.11 बजे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मीडिया के सामने केसरिया दस्तार (पगड़ी) पहने हुए एक सिख के रूप में पहुंचे।

सीएम के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता ने बजट पत्र को खोलने और फिर उन पर अपने दस्तखत करने के लिए प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर वित्तमंत्री बजट पत्रों पर दस्तखत किए और अपनी पूरी टीम के साथ समूह चित्र भी खिंचवाया।

चंडीगढ़ स्थित सीएम आवास संत कबीर कुटीर में इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

उनके साथ वित्त विभाग के आयुक्त एवं सचिव मोहम्मद शाइन, सूचना जनसंपर्क भाषा एवं संस्कृति विभाग के डीजी के मकरंद पांडुरंग और सीएम के ओएसडी एवं सूचना जनसंपर्क भाषा विभाग के अतिरिक्त निदेशक विवेक कालिया, सीएम के मीडिया एडवाइजर राजीव जेटली, मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय सहित अन्य आला अफसरान मौजूद रहे।

विश्वस्त सूत्रों की मानें तो वर्ष 2026-27 का बजट लगभग 2 लाख 27 हजार करोड़ रुपए का होने का अनुमान जताया जा रहा है। ये गत वर्ष के बजट अनुमान से करीब 22 हजार करोड़ रुपए ज्यादा हो सकता है।

वहीं ऐसा माना जा रहा है कि प्रदेश सरकार ने चालू वित्त वर्ष के दौरान बजट को लगभग शत प्रतिशत खर्च करने का मसौदा बुन लिया था, ऐसे में ये पहली बार होगा, जब हरियाणा सरकार अपने बजट का करीब करीब शत प्रतिशत राशि खर्च कर पाएगी।

ऐसे में ये उपलब्धि भी वित्तमंत्री के रूप में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की बड़ी उपलब्धि में शुमार हो जाएगी। बताया जाता है कि अभी तक हरियाणा के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ है।

ख़बर लिखे जाने तक हरियाणा विधानसभा में वित्त मंत्री के तौर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बजट अभिभाषण शुरू जरूर हो चुका है, लेकिन बजट अनुमान कितना होगा, इससे पर्दा नहीं उठ सका है।

…जल्द ही बजट की पूर्ण खबर अपडेट होगी।

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh