आधी रात को लाठी-रॉड से हमला, आंखों में मिर्च पाउडर झोंका और सरकारी गाड़ी पर पथराव; आठ पुलिसकर्मी घायल, आरोपी फरार।
लातूर। महाराष्ट्र में घरों में चोरी के कई मामलों में वांछित आरोपी को पकड़ने पहुंची स्थानीय अपराध शाखा की पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना हिंगोली जिले के पलशी गांव में हुई। आधी रात को आरोपी के घर के बाहर जमा भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर लाठियों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर भी झोंक दिया। इस हमले में आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि सहायक पुलिस निरीक्षक पांडुरंग माने के सिर में गंभीर चोट आई है।
आधी रात को आरोपी को पकड़ने पहुंची थी पुलिस
पुलिस को सूचना मिली थी कि लातूर जिले में घरों में चोरी के कई मामलों में वांछित राजू मोहन शिंदे पलशी गांव में मौजूद है। इसके बाद स्थानीय अपराध शाखा के 10 पुलिसकर्मी दो वाहनों से उसे पकड़ने के लिए रवाना हुए। उनके साथ हिंगोली पुलिस के दो कर्मचारी भी थे।
अचानक भीड़ ने बोल दिया हमला
29 अक्टूबर की रात करीब 12 बजकर 20 मिनट पर पुलिस टीम आरोपी के घर के पास पहुंची। इसी दौरान अचानक वहां जमा भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। सहायक पुलिस निरीक्षक पांडुरंग माने के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया गया। वहीं, शिकायतकर्ता पुलिस उपनिरीक्षक अमर सुरेश केंद्रे के सिर पर भी लाठी से हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया।
भीड़ ने अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भी मारपीट की और उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया।
सरकारी वाहन पर पथराव, आरोपी फरार
हमलावरों ने पुलिस के सरकारी वाहन पर पत्थरबाजी कर उसके शीशे तोड़ दिए। इससे करीब 10 हजार रुपये का नुकसान हुआ। घटना की जानकारी मिलने पर हिंगोली पुलिस की अतिरिक्त टीम मौके पर भेजी गई, लेकिन इस अफरा-तफरी के बीच आरोपी फरार हो गया।
चार नामजद आरोपियों समेत अन्य पर मामला दर्ज
पुलिस उपनिरीक्षक अमर केंद्रे की शिकायत पर हट्टा पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 365/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में विकी मोहन शिंदे, सुदर्शन मोहन शिंदे, सचिन मोहन शिंदे और राजू मोहन शिंदे समेत तीन से चार अन्य महिला और पुरुषों को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
