Follow

नीट पेपर लीक, महंगाई व ईंधन कीमतों के विरोध में कांग्रेस का जींद में जोरदार प्रदर्शन

संकट की हर घड़ी में जनता के साथ मजबूती से खड़ी है कांग्रेस : राव नरेंद्र सिंह

न्यूज़म ब्यूरो 

चंडीगढ़ / जींद, 20 मई। नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण, बढ़ती महंगाई तथा पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को जींद में जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष  राव नरेंद्र सिंह की अगुवाई में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने भाग लिया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि आज देश का युवा पेपर लीक जैसी घटनाओं से निराश है।
और राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल नीट परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होना अत्यंत गंभीर एवं दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। इस प्रकरण ने लगभग 22 लाख विद्यार्थियों और उनके परिवारों की मेहनत, विश्वास और भविष्य पर गहरा आघात पहुँचाया है। लाखों छात्र-छात्राएँ मानसिक तनाव और अवसाद का सामना कर रहे हैं तथा इस घटना से आहत होकर दो विद्यार्थियों द्वारा आत्महत्या किए जाने की खबरें अत्यंत पीड़ादायक और चिंताजनक हैं।

Advertisement

यह कोई पहला अवसर नहीं है जब किसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक जैसी घटनाएँ सामने आई हों। विगत वर्षों में भी अनेक प्रतियोगी परीक्षाओं में इस प्रकार की अनियमितताएँ उजागर हुई हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि यह एक संगठित पेपर लीक माफिया का नेटवर्क है, जो युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं उदाहरणात्मक कार्रवाई किया जाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि देश के युवाओं का विश्वास पुनः स्थापित हो सके।

वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता चौ. वीरेंद्र सिंह ने अपनी संबोधन में कहा कि आम जनता महंगाई की मार से परेशान है। लगातार बढ़ती गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों ने लोगों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा करने में असफल रही है और महंगाई पर भी कोई नियंत्रण नहीं कर पा रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और संकट की हर घड़ी में आम लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है।

उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाओं ने देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लाखों मेहनती छात्रों और उनके परिवारों के साथ अन्याय हुआ है, जिसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

चौधरी वीरेंद्र सिंह ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनता की समस्याओं पर जल्द ध्यान नहीं दिया तो पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज करेगी। इस अवसर पर कामगार कर्मचारी कांग्रेस हरियाणा के चेयरमैन नरेश मलिक, जींद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ऋषीपाल, पूर्व मंत्री रामभज लोधार, पूर्व विधायक सुभाष गंगोली व दयानंद शर्मा, महावीर गुप्ता, प्रमोद सहवाग, सतबीर दबलैन, रघुबीर भारद्वाज, राजवंती, दलीप चेयरमैन, वजीर पननु, सुमेर प्रधान, महेंद्र रता, ऋषि यादव, अरविन्द डेलू, प्रताप सरपंच, अग्रणी संगठनों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कई कांग्रेस समर्थक मौजूद रहे।

 

Advertisement
Tap to Refresh