Follow

बहन से अफेयर का शक बना खूनी वजह, प्रोफेसर को अगवा कर स्टोन क्रशर प्लांट में पीट-पीटकर मार डाला

दो भाइयों ने दो दोस्तों के साथ मिलकर वारदात को दिया अंजाम, 4 अक्टूबर को कनेरी चौक से अगवा कर बर्दापुर ले गए थे

 

राहुल गुप्ता

लातूर, 8 अक्टूबर।
महाराष्ट्र के लातूर में बहन के साथ अफेयर के शक में 32 वर्षीय प्रोफेसर नितिन धनजी संगमे की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, दो भाइयों ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर नितिन का अपहरण किया और उसे बर्दापुर गांव स्थित स्टोन क्रशर प्लांट पर ले जाकर बेरहमी से पीटा। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

लातूर शहर के डीवाईएसपी समरसिंह सालवे के मुताबिक, आरोपी पृथ्वीराज देशमुख और धवल देशमुख ने अपने दोस्तों प्रथमेश रेड्डी और आदित्य भालके के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। चारों आरोपी 4 अक्टूबर की शाम करीब 4:30 बजे नितिन को कनेरी चौक इलाके से एमएच 24 सीडी 7474 नंबर की एक्सयूवी में बैठाकर बर्दापुर स्थित स्टोन क्रशर प्लांट पर ले गए थे।

Advertisement

डंडे, बेल्ट और लोहे की रॉड से पीटने का आरोप

पुलिस के अनुसार, स्टोन क्रशर प्लांट पर चारों आरोपियों ने नितिन की डंडे, बेल्ट और लोहे की रॉड से पिटाई की। मारपीट में गंभीर चोट लगने के बाद नितिन की मौत हो गई। नितिन कोल्हापुर शहर में प्रोफेसर था और लातूर के कनेरी चौक क्षेत्र में रहता था।

सुबह मिली हत्या की जानकारी, चारों गिरफ्तार

पुलिस को 5 अक्टूबर की सुबह करीब 5 बजे नितिन की हत्या की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले में शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

पुलिस ने बीएनएस की धारा 468/26, 103(1), 140(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज करते हुए पृथ्वीराज देशमुख, धवल देशमुख, प्रथमेश रेड्डी और आदित्य भालके को गिरफ्तार किया। चारों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 4 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया।

मामले की आगे की जांच शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर संतोष पाटील और एपीआई कामत कर रहे हैं। पुलिस हत्या की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh