Follow

RS MP संजय भाटिया जींद के मैदान में खुद संभाल रहे व्यवस्था

सांसद संजय भाटिया रैली संयोजक के रूप में लगातार कर रहे हैं स्थलीय निरीक्षण और समन्वय

न्यूज़म ब्यूरो

जींद, 10 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित जींद दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इन तैयारियों की कमान रैली संयोजक एवं राज्यसभा सांसद संजय भाटिया संभाल रहे हैं। संगठनात्मक बैठकों से लेकर रैली स्थल पर मंच, पंडाल, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य व्यवस्थाओं का वे स्वयं निरीक्षण कर तैयारियों की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। शुक्रवार को संजय भाटिया ने रैली स्थल पर पंडाल निर्माण कार्य का विधिवत नारियल अर्पित कर शुभारंभ किया तथा हथौड़ा चलाकर निर्माण कार्य की शुरुआत करवाई।

रैली स्थल पर संजय भाटिया कार्यकर्ताओं और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित करते नजर आए। उन्होंने पंडाल निर्माण, मंच की रूपरेखा, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनकी सक्रिय कार्यशैली से स्पष्ट है कि भाजपा इस जनसभा को केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संगठन की क्षमता और सुचारु प्रबंधन का भी उदाहरण बनाना चाहती है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ आयोजित तैयारियों की बैठकों में भी संजय भाटिया महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें रैली संयोजक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार रैली में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिनकी नियमित समीक्षा स्वयं संजय भाटिया कर रहे हैं।

Advertisement


राजनीतिक जानकारों का मानना है कि संगठन और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की उनकी क्षमता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। करनाल से पूर्व सांसद और वर्तमान राज्यसभा सदस्य के रूप में यह उनकी प्रमुख संगठनात्मक जिम्मेदारियों में से एक है, जिसमें वे अपनी कार्यशैली की स्पष्ट छाप छोड़ते दिखाई दे रहे हैं।

17 जुलाई की ऐतिहासिक जनसभा को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज

17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के साथ-साथ हरियाणा की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसे राज्य की महत्वपूर्ण विकासात्मक और राजनीतिक घटनाओं में से एक माना जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए भाजपा संगठन इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटा हुआ है।
रैली की तैयारियों के बीच संजय भाटिया लगातार कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और विभिन्न समितियों के साथ समन्वय बनाए हुए हैं। मैदान में उनकी सक्रिय मौजूदगी इस बात का संकेत है कि पार्टी आयोजन की प्रत्येक व्यवस्था पर बारीकी से नजर रख रही है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि संजय भाटिया के नेतृत्व, समन्वय और सूक्ष्म स्तर की निगरानी के कारण तैयारियां तेजी से अंतिम चरण की ओर बढ़ रही हैं।
17 जुलाई की यह जनसभा न केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरियाणा दौरे का प्रमुख आकर्षण होगी, बल्कि संगठनात्मक दृष्टि से रैली संयोजक संजय भाटिया की नेतृत्व क्षमता, समन्वय कौशल और प्रबंधन दक्षता की भी महत्वपूर्ण परीक्षा मानी जा रही है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh