Follow

वृद्धा पेंशन घोटाला : मास्टरमाइंड पूर्व समाज कल्याण अधिकारी की 4.49 करोड़ की संपत्ति कुर्क

Listen to this article

न्यूज़म ब्यूरो 

 

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में जून 2023 में सामने आए वृद्धावस्था पेंशन घोटाले के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार की करीब 4 करोड़ 49 लाख रुपये की चल-अचल संपत्तियों को कुर्क कर लिया है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह के आदेश पर बीते गुरुवार को की गई।

Advertisement

 

जांच में सामने आया था कि वर्ष 2023 में शाहजहांपुर में तैनाती के दौरान राजेश कुमार ने 2390 बुजुर्गों की वृद्धावस्था पेंशन राशि को अन्य खातों में ट्रांसफर कर करीब 2 करोड़ 52 लाख रुपये का गबन किया था। मामले में वर्ष 2024 में एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी अधिकारी को निलंबित कर जेल भेजा गया था, जबकि 9 नवंबर 2025 को उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था।

 

इस घोटाले में शामिल करीब 10 लोग पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। जिलाधिकारी के अनुसार गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई कार्रवाई में राजेश कुमार की एक महिंद्रा एक्सयूवी, एक महिंद्रा बोलेरो, बेटे के नाम खरीदी गई होंडा एलिवेट कार के अलावा सीतापुर की कृषि भूमि, लखनऊ के रिंग रोड स्थित आवासीय भवन और एक गेस्ट हाउस को कुर्क किया गया है।

 

प्रशासन ने कुर्क की गई संपत्तियों के लिए प्रशासक नियुक्त कर दिया है, जो इन सभी संपत्तियों को अपने कब्जे में लेकर आगे की विधिक प्रक्रिया पूरी करेगा।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh