न्यूज़म ब्यूरो
अटेली, 4 फरवरी। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने आज अटेली के सुजापुर गांव में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे और विकास पर पूरा फोकस कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एमबीबीएस की सीटों की संख्या अब 2700 से अधिक हो गई हैं। इसके अलावा एमडी की सीटों में भी 100 की बढ़ोतरी की गई है।
उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा में पहले केवल 54 प्रथम संदर्भ इकाई (एफारयू) हुआ करती थीं, जिनकी संख्या मार्च तक 100 से पार हो जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि भिवानी और कोरियावास में दो बड़े मेडिकल कॉलेज शुरू किए गए हैं और जल्द ही कुछ और नए कॉलेज भी खोले जाएंगे। अस्पतालों में मशीनों की कमी को दूर कर उन्हें आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। बाबा केदारनाथ आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में हॉस्टल और स्टाफ क्वार्टर्स के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इनका निर्माण कार्य चल रहा है। इसके बारे में छात्रों को दाखिले के समय ही सूचित कर दिया गया था।
क्षेत्रीय विकास पर चर्चा करते हुए आरती सिंह राव ने कहा कि अटेली की समस्याओं को लेकर उन्होंने बात की है और उन्होंने काम जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सामने में बाईपास, कनीना बस स्टैंड और मुख्य सड़कों के निर्माण जैसी महत्वपूर्ण मांगों को रखा गया है।
उन्होंने कहा कि बाछौद हवाई पट्टी के विस्तारीकरण का कार्य भी शुरू करवाया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया चल रही है।