महिलाओं को राजनीति में समान अवसर के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम बहुत जरूरी : किरण चौधरी
नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिला सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण कदम : किरण चौधरी
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 13 अप्रैल। राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने फरीदाबाद स्थित भाजपा जिला कार्यालय ‘अटल कमल’ पर सोमवार को प्रेस वार्ता में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी पहल है। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी में समान अवसर प्रदान करेगा तथा देश के लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाएगा।
किरण चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हमेशा महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम उसी सोच का परिणाम है, जिसके तहत संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया जाएगा। इससे देश की आधी आबादी को नीति-निर्माण में सक्रिय भागीदारी का अवसर मिलेगा।
किरण चौधरी ने आगे कहा कि वर्षों से लंबित इस महत्वपूर्ण विधेयक को पारित कर भाजपा सरकार ने यह साबित कर दिया है कि वह केवल वादों तक सीमित नहीं रहती, बल्कि ठोस कदम उठाकर उन्हें धरातल पर लागू भी करती है। इस अधिनियम से राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों की आवाज़ को बेहतर तरीके से प्रतिनिधित्व मिलेगा।

किरण चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार ने महिलाओं के लिए अनेकों योजनाएं चलाई और उन्हें धरातल पर भी उतारा। उन्होंने बताया कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, जन धन योजना और मातृत्व वंदना योजना जैसी पहलों ने महिलाओं के जीवन स्तर में व्यापक सुधार किया है। इन योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षा प्रदान की गई है।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली, जबकि जन धन योजना ने उन्हें बैंकिंग प्रणाली से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया। वहीं, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान ने समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा दिया है।
किरण चौघरी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस वर्षों तक सत्ता में रही, लेकिन महिलाओं को समान अवसर के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया । जबकि भाजपा सरकार ने नारी सशक्तिकरण को केवल नारे तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे एक जन-आंदोलन का रूप दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम आने वाले समय में भारतीय राजनीति की तस्वीर बदल देगा। इससे न केवल महिलाओं को नेतृत्व के अवसर मिलेंगे, बल्कि देश के विकास में उनकी भूमिका और अधिक प्रभावशाली होगी। किरण चौधरी ने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और आगे भी इसी दिशा में कार्य करती रहेगी।
प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा और फरीदाबाद नगर निगम की महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने भी अपने वक्तव्य में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक और प्रभावशाली कदम उठाए हैं। उन्होंने सदैव महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दी है। उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान और महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाएँ इसका प्रमाण हैं।
उन्होंने आगे कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की आधी आबादी को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। यह कदम न केवल महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी देगा, बल्कि उनके दृष्टिकोण और प्राथमिकताओं को नीति निर्माण में प्रमुख स्थान भी दिलाएगा।

प्रेसवार्ता में महिला मोर्चा प्रदेश सचिव गीता रक्षवाल, महिला मोर्चा जिला अध्यक्षा राजबाला सरदाना, प्रदेश महिला मोर्चा कार्यलय सचिव अनीता शर्मा, स्वेता शर्मा, अलका भाटिया, किरन सौरोत जिला मीडिया प्रभारी विनोद गुप्ता, प्रवक्ता आभास अग्रवाल उपस्थित रहे।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर किरण चौधरी ने महिला कार्यकर्ताओं के साथ सुना नरेंद्र मोदी का संबोधन
भाजपा जिला कार्यालय अटल कमल पर राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने भाजपा महिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ विज्ञान भवन, नई दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर दिए गए ओजस्वी एवं प्रेरणादायक संबोधन को सामूहिक रूप से सुना।
राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने भारत की सभी महिलाओं को एक नए युग के आगमन की हार्दिक दी। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाएगा और आने वाले समय में देश के विकास में उनकी भागीदारी को और अधिक मजबूत करेगा। उन्होंने सभी महिला कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए समाज में जागरूकता फैलाएं और अधिक से अधिक महिलाओं को राजनीति एवं जनसेवा से जोड़ें।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा, महापौर प्रवीण बत्रा जोशी, महिला मोर्चा प्रदेश सचिव गीता रक्षवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ओमप्रकाश रक्षवाल, महिला मोर्चा जिला अध्यक्षा राजबाला सरदाना, प्रदेश महिला मोर्चा कार्यालय सचिव अनीता शर्मा, प्रदेश महिला मोर्चा सोशल मीडिया संयोजक स्वेता शर्मा, जिला महामंत्री शोभित अरोड़ा, चौधरी प्रवीण गर्ग सहित अनेक महिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रही।