Follow

“महाकाल केवल आस्था नहीं, भारत की आत्मा और सनातन चेतना के प्रतीक हैं” : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

Listen to this article

महाकाल की नगरी उज्जैन में आस्था, संस्कृति और संगीत का विराट उत्सव

तृप्ति भटनागर

उज्जैन : देवाधिदेव महादेव भगवान महाकाल की पावन नगरी उज्जैन बीते बुधवार को साक्षात शिवमय हो उठी, जब पाँच दिवसीय ‘श्री महाकाल महोत्सव’ का भव्य और ऐतिहासिक शुभारंभ हुआ। श्रद्धा, संस्कृति, संगीत और आधुनिकता के अद्भुत संगम के साथ शुरू हुए इस महोत्सव ने पहले ही दिन यह स्पष्ट कर दिया कि उज्जैन केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना का जीवंत प्रतीक है। 

Advertisement

 

महोत्सव का शुभारंभ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्वलन के साथ किया। इस अवसर पर संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कला-संस्कृति जगत की हस्तियाँ और हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। 

मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, “महाकाल केवल आस्था नहीं, भारत की आत्मा हैं”। “श्री महाकालेश्वर केवल उज्जैन या मध्यप्रदेश की पहचान नहीं हैं, बल्कि वे भारत की आत्मा और सनातन चेतना के प्रतीक हैं। महाकाल की नगरी से ही काल की गणना और धर्म की दिशा तय होती है।”

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उज्जैन को वैश्विक आध्यात्मिक राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए बुनियादी ढांचे, श्रद्धालु सुविधाओं, डिजिटल सेवाओं और सांस्कृतिक आयोजनों को नई ऊँचाइयों तक ले जाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि महाकाल महोत्सव जैसे आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने और भारतीय संस्कृति को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का सशक्त माध्यम हैं।

 

श्रद्धालुओं को इस अवसर पर कई ऐतिहासिक सौगातें समर्पित की। महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शुभारंभ किया गया, जिनमें श्री महाकालेश्वर मंदिर की नवीन आधिकारिक वेबसाइट पोर्टल, जिसके माध्यम से अब श्रद्धालु शीघ्र दर्शन की बुकिंग, भस्म आरती की ऑनलाइन व्यवस्था, ऑनलाइन दान जैसी सुविधाओं का लाभ सरलता से ले सकेंगे। 

Special Offer
ADVERTISEMENT

 

‘महाकाल सृष्टि’ परियोजना का टीज़र लॉन्च, जो उज्जैन के पौराणिक और आध्यात्मिक वैभव को आधुनिक प्रस्तुति के साथ दर्शाएगा। सिंहस्थ के तत्वावधान में 600 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन भव्य श्री महाकालेश्वर भक्तनिवास एवं सीएसआर पोर्टल का लोकार्पण, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर आवास और सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।

महाकाल के चरणों में सुरों की साधना : शंकर महादेवन का भावुक क्षण

महोत्सव के पहले दिन की सांस्कृतिक संध्या पूरी तरह से सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक शंकर महादेवन के नाम रही। अपने पुत्रों सिद्धार्थ और शिवम के साथ उन्होंने मंच पर ऐसी प्रस्तुति दी, जिसने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। 

 

इससे पहले शंकर महादेवन अपने पुत्रों के साथ विश्वप्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर पहुँचे, जहाँ उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

नंदी हॉल में उन्होंने “शिव भोला भंडारी” भजन गाया, जिससे मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालु भावुक हो उठे।

शंकर महादेवन ने कहा, “अपने बच्चों के साथ बाबा महाकाल के धाम में संगीतमय सेवा देना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है। यह केवल प्रस्तुति नहीं, बल्कि मेरी आत्मा की प्रार्थना है।”

 

…जब गूंजा शिव तांडव, थम गई साँसें

सायंकालीन मंच पर जैसे ही शिव तांडव स्तोत्र की स्वर लहरियाँ गूंजी, पूरा परिसर स्तब्ध रह गया।

हजारों दर्शक….लेकिन प्रस्तुति के दौरान न कोई उठकर बाहर गया, न किसी ने कुछ और काम किया और न ही किसी की नजरें मंच से हटीं। हर तरफ सिर्फ़ भक्ति, ऊर्जा और महाकाल का स्मरण। 

 

हर “हर हर महादेव” के उद्घोष के साथ वातावरण और भी ऊर्जावान होता चला गया। यह क्षण केवल देखा नहीं गया, बल्कि महसूस किया गया।

युवा कलाकारों ने मंच पर रचा इतिहास

महोत्सव में युवा कलाकारों की प्रस्तुतियाँ भी आकर्षण का केंद्र रहीं। नृत्य-नाटिकाओं, समूह गायन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने यह सिद्ध किया कि भारत की सांस्कृतिक परंपरा सुरक्षित हाथों में है।
MGC 2026 के पहले दिन मंच पर आत्मविश्वास, अनुशासन और ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला।

 

18 जनवरी तक चलेगा महाकाल महोत्सव

18 जनवरी तक चलने वाले इस पाँच दिवसीय महोत्सव में देश-प्रदेश के ख्यातिप्राप्त कलाकारों द्वारा संगीतमय प्रस्तुतियाँ, शास्त्रीय एवं लोक नृत्य, नाट्य मंचन और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 

 

प्रत्येक संध्या उज्जैन की फिज़ाओं में भक्ति, कला और संस्कृति की अमिट छाप छोड़ेगी।

महाकाल की नगरी उज्जैन ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया, यहाँ समय भी नतमस्तक होता है और संगीत भी साधना बन जाता है। 

 

video link  :  https://youtube.com/shorts/gI4EVbS8aPI?feature=share

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh