Follow

देहरादून में देर रात एनकाउंटर : एक बदमाश ढेर, इंस्पेक्टर समेत पीड़ित को लगी गोली

Listen to this article

न्यूज़म ब्यूरो 

देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में मंगलवार- बुधवार की दरम्यानी रात लूट की सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बदमाश की मौत हो गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मुठभेड़ में प्रभारी निरीक्षक और पीड़ित दोनों को गोली लगने से हड़कंप मच गया।

Advertisement

पुलिस कंट्रोल रूम को रात में सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति से लूटपाट की है और उसे गोली मार दी है। सूचना पर थाना प्रेमनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, जहां घायल अवस्था में मिले देवराज ने बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर उससे करीब दो लाख रुपये, मोबाइल, डायरी, आईडी समेत अन्य दस्तावेज लूट लिए और गोली मारकर विश्रांति की ओर फरार हो गए।

 

घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर जंगल की ओर जाती संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस के करीब पहुंचते ही कार सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और वाहन छोड़कर जंगल में भागने लगे।

पीछा करने पर बदमाशों ने दोबारा फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान चली गोली प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर को जा लगी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि अन्य फरार हो गए।

 

घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और घायल इंस्पेक्टर को पहले प्रेमनगर अस्पताल और फिर हायर सेंटर रेफर किया गया। बाद में घायल बदमाश को कोरोनेशन चिकित्सालय लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे। पूरे जनपद में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सभी बॉर्डरों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है और फरार बदमाश की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मी और पीड़ित की स्थिति की जानकारी ली। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ जारी है।

 

What are your Feelings
Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh