Follow

गीता का ज्ञान आज भी जीवन का प्रकाश स्तंभ : विधायक शक्ति रानी शर्मा

पंचकूला, 29 नवंबर। कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा ने कहा कि आज के समय में, जब तनाव, प्रतिस्पर्धा और अनिश्चितता बढ़ रही है, गीता का ज्ञान हमारे लिए मार्गदर्शक प्रकाश स्तंभ की तरह है। गीता महोत्सव नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और मूल्यों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण पर्व है।
Listen to this article
कालका विधायक ने किया गीता जयंती महोत्सव का शुभारंभ, कहा सत्य और कर्तव्य ही जीवन को सार्थक बनाते हैं
 
 
गीता हमें सिखाती है कि सत्य का मार्ग कठिन हो सकता है, परंतु वही सही होता है- शक्ति रानी शर्मा
 
 
गीता पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मोहौल हुआ गीतामयी
 
 
पंचकूला, 29 नवंबर। कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा ने कहा कि आज के समय में, जब तनाव, प्रतिस्पर्धा और अनिश्चितता बढ़ रही है, गीता का ज्ञान हमारे लिए मार्गदर्शक प्रकाश स्तंभ की तरह है। गीता महोत्सव नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और मूल्यों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण पर्व है।
 
विधायक शक्ति रानी शर्मा राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय, सेक्टर-14 में आयोजित तीन दिवसीय गीता जयंती महोत्सव का उद्घाटन करने उपरांत मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं। उन्होंने परंपरागत दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
 
उन्होंने कहा कि जीवन में हम सभी अर्जुन की भांति कभी न कभी दुविधा, कठिनाइयों और चुनौतियों का सामना करते हैं, लेकिन भगवान श्री कृष्ण का संदेश हमें यह स्मरण कराता है कि जिसका मन अडिग रहता है, विजय उसी की होती है।
 
शक्ति रानी शर्मा ने कहा कि इस महोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाले श्लोक वाचन, प्रश्नोत्तरी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और विचार सत्र युवाओं में भारतीय संस्कृति की जड़ों को और अधिक मजबूत करेंगे। यह कार्यक्रम केवल उत्सव नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण की एक यात्रा है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए बधाई दी।
 
विधायक ने कहा कि गीता हमें सिखाती है कि सत्य का मार्ग कठिन हो सकता है, परंतु वही सही होता है। कर्तव्य कभी-कभी कठोर लग सकता है, किन्तु वही जीवन को सार्थक बनाता है। जब विचार पवित्र हों, तो कर्म भी पवित्र होते हैं। उन्होंने कहा कि यदि हर नागरिक गीता का केवल एक संदेश भी जीवन में उतार ले, तो समाज में भाईचारा, सामंजस्य और सकारात्मकता अपने-आप बढ़ जाएगी।
 
इस अवसर पर राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-26 के विद्यार्थियों ने भजन और समूह नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। कलाकार विंदु ने भगवान श्रीकृष्ण पर आधारित भजन प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-15 के विद्यार्थियों की प्रस्तुति को भी खूब वाहवाही बटोरी।
 
कार्यक्रम से पहले विधायक शक्ति रानी शर्मा ने महाविद्यालय परिसर में आयुष, हरियाणा ग्रामीण आजीविका मिशन, रेडक्रॉस सोसायटी तथा अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी में गहरी रुचि दिखाई।
 
कार्यक्रम के अंत में एसडीएम चंद्रकांत कटारिया ने विधायक शक्ति रानी शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी संध्या मलिक, महाविद्यालय की प्रिंसिपल खुशिला, स्टाफ, विद्यार्थी और अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh