राहुल गुप्ता
सोलापुर, 30 सितंबर। गन्ने के खेत में सब कुछ सामान्य नजर आ रहा था, लेकिन अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। अक्कलकोट दक्षिण पुलिस ने आलगी गांव में छापेमारी कर गन्ने की फसल के बीच गांजे के 240 पौधे बरामद किए। जब्त गांजे का कुल वजन 212 किलो बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 5 लाख 55 हजार रुपये से अधिक है। पुलिस ने इस मामले में 60 वर्षीय मल्लप्पा बिराजदार को गिरफ्तार किया है।
गन्ने के बीच मिले 12 फीट ऊंचे पौधे
पुलिस निरीक्षक विनोद कुमार घुगे को सूचना मिली थी कि आलगी गांव में मल्लप्पा बिराजदार के गन्ने के खेत में गांजे की अवैध खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने खेत में अचानक छापेमारी की।
तलाशी के दौरान गन्ने की फसल के बीच गांजे के 240 पौधे मिले। इनकी ऊंचाई करीब 12 फीट बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से कुल 212 किलो गांजा जब्त किया, जिसकी बाजार कीमत 1 करोड़ 5 लाख 55 हजार रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस ने मौके से खेत मालिक मल्लप्पा बिराजदार को गिरफ्तार कर लिया। अब जांच की जा रही है कि आरोपी कब से गांजे की खेती कर रहा था और क्या उसने किसी अन्य स्थान पर भी इसकी खेती की है।
पुलिस हिरासत में आरोपी
गिरफ्तार आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और अवैध खेती से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
महाराष्ट्र में इससे पहले भी गन्ने के खेत में गांजे की अवैध खेती का मामला सामने आ चुका है। सितंबर में लातूर जिले के शिरूर अनंतपाल तहसील के बुजरुगवाडी में स्थानीय अपराध शाखा ने कार्रवाई करते हुए गन्ने के खेत से गांजे के सात हरे पौधे जब्त किए थे।
इन पौधों का कुल वजन 46 किलो 875 ग्राम और अनुमानित कीमत 23 लाख 43 हजार 750 रुपये बताई गई थी। उस मामले में भी 60 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
