Follow

हरियाणा में बढ़ते तापमान को देखते हुए जारी की हेल्थ एडवाइजरी : डॉ सुमिता मिश्रा

Listen to this article

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 28 अप्रैल। हरियाणा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण  विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार ने मौजूदा एवं अनुमानित भीषण गर्मी को देखते हुए विस्तृत सार्वजनिक स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी की है। इसका उद्देश्य आमजन को गर्मी से होने वाली बीमारियों से सुरक्षित रखना तथा सभी स्तरों पर प्रभावी तैयारियां सुनिश्चित करना है।

डॉ. मिश्रा ने बताया कि सामान्य से अधिक तापमान की संभावना को ध्यान में रखते हुए सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और हीट-हेल्थ एक्शन प्लान को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार का मुख्य फोकस तैयारी को सुदृढ़ करने, समय पर प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने तथा अत्यधिक गर्मी से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों को कम करने पर है।

Advertisement

स्वास्थ्य विभाग द्वारा केंद्रीकृत निगरानी प्रणाली के माध्यम से हीट से संबंधित बीमारियों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग अनिवार्य कर दी गई है। सभी स्वास्थ्य केंद्रों को समयबद्ध एवं सटीक डेटा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। साथ ही, भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी हीट वेव अलर्ट नियमित रूप से स्वास्थ्य संस्थानों एवं आम जनता तक पहुंचाए जाएंगे, जिससे अग्रिम तैयारी बेहतर हो सके।

राज्य के सभी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को आवश्यक दवाइयों, ओआरएस, आईवी फ्लूड, आइस पैक सहित अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। गंभीर मामलों के उपचार के लिए समर्पित हीटस्ट्रोक प्रबंधन इकाइयां स्थापित की जा रही हैं तथा एम्बुलेंस सेवाओं को त्वरित प्रतिक्रिया के लिए तैयार रखा गया है। “पहले ठंडा करो, फिर परिवहन करो” (Cool First, Transport Later) की रणनीति को अपनाया जा रहा है।

डॉ. मिश्रा ने बताया कि चिकित्सा अधिकारियों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं फ्रंटलाइन हेल्थ वर्कर्स को हीट से जुड़ी बीमारियों की पहचान एवं त्वरित उपचार के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। स्वास्थ्य संस्थानों में निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, कूलिंग व्यवस्था एवं आपातकालीन तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। साथ ही, फायर सेफ्टी ऑडिट, इलेक्ट्रिकल निरीक्षण एवं मॉक ड्रिल भी नियमित रूप से कराए जा रहे हैं।

एडवाइजरी में आमजन से अपील की गई है कि वे गर्मी से बचाव के लिए सरल लेकिन प्रभावी उपाय अपनाएं। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, ओआरएस या घर पर बने पेय जैसे नींबू पानी, लस्सी एवं ताजे फलों के जूस का सेवन करें। बाहर निकलते समय हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें तथा सिर को ढककर रखें। लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर जाने से बचें और छायादार या हवादार स्थानों में रहें।

एडवाइजरी में शराब, चाय, कॉफी एवं अधिक मीठे या कार्बाेनेटेड पेय पदार्थों से परहेज करने की सलाह दी गई है, क्योंकि ये डिहाइड्रेशन का कारण बन सकते हैं। बासी एवं भारी भोजन से बचने तथा बच्चों एवं पालतू जानवरों को पार्क की गई गाड़ियों के अंदर न छोड़े, क्योंकि वहां पर तापमान बढ़ सकता है।

डॉ. मिश्रा ने विशेष रूप से शिशुओं, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, बाहरी कार्य करने वाले श्रमिकों तथा पहले से बीमार व्यक्तियों की अतिरिक्त देखभाल पर जोर दिया। परिवारों से अपील की गई है कि वे अकेले रहने वाले बुजुर्गों की नियमित रूप से देखभाल करें और उन्हें ठंडा एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराएं।

उन्होंने कार्यस्थलों के लिए जारी निर्देशों में नियोक्ताओं से श्रमिकों के लिए स्वच्छ पेयजल एवं छायादार विश्राम स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। कार्य का समय सुबह या शाम के ठंडे समय में निर्धारित किया जाए तथा पर्याप्त विश्राम दिया जाए। श्रमिकों को हीट स्ट्रेस के लक्षणों की जानकारी दी जाए और ‘बडी सिस्टम’ अपनाया जाए, ताकि वे एक-दूसरे की निगरानी कर सकें। इसके साथ ही काम करने वाले स्थानों पर फर्स्ट एड कर सुविधाओं और आपातकालीन रिस्पांस सिस्टम का इंतजाम भी किया जाए।

उन्होंने सरकारी एवं निजी आयोजनों के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अत्यधिक गर्मी के दौरान खुले में आयोजन से बचने तथा आवश्यक सुविधाएं जैसे पेयजल, छाया, कूलिंग व्यवस्था एवं चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे इवेंट के दौरान सार्वजनिक घोषणाएं और जागरूकता संदेश दिए जाए ताकि आने वाले लोग जानकरी रखे और सुरक्षित रहें।

डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि हरियाणा सरकार जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है और सक्रिय योजना, जन-जागरूकता एवं समन्वित प्रयासों के माध्यम से इस चुनौती का सामना कर रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सतर्क रहें, जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और चक्कर आना, अत्यधिक प्यास, कमजोरी या हीट स्ट्रोक के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।

 

What are your Feelings
Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh