हरियाणा क्यूएए चेयरमैन श्री समीर पाल सरो ने दिल्ली में क्यूसीआई के वरिष्ठ अधिकारियों से की मुलाकात
गुणवत्ता आश्वासन, क्षमता निर्माण और नई तकनीकों के उपयोग को लेकर हुआ विचार-विमर्श
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 11 अगस्त। हरियाणा क्वालिटी एश्योरेंस अथॉरिटी (QAA) के चेयरमैन समीर पाल सरो ने नई दिल्ली स्थित क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (QCI) के मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। यह बैठक क्यूएए और क्यूसीआई के बीच इस वर्ष हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के बाद संस्थागत सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रही।
बैठक में हरियाणा में गुणवत्ता आश्वासन की व्यवस्था को और मजबूत करने, गुणवत्ता के प्रति संस्थागत संस्कृति विकसित करने तथा इंजीनियरिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में गुणवत्ता मानकों के प्रभावी अनुपालन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। सड़कों, भवनों, पुलों और अन्य सार्वजनिक उपयोग की संरचनाओं में गुणवत्ता जांच की मौजूदा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने तथा आधुनिक गुणवत्ता प्रबंधन प्रणालियों को अपनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस दौरान क्षमता निर्माण, नई तकनीकों के उपयोग और विशेषज्ञता के आदान-प्रदान के माध्यम से गुणवत्ता निगरानी तथा परियोजनाओं की कार्यक्षमता और दीर्घकालिक रखरखाव को बेहतर बनाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। क्यूएए-क्यूसीआई साझेदारी के माध्यम से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में रणनीतिक सहयोग और प्रभावी हस्तक्षेप को बढ़ावा देने पर भी विचार किया गया।
समीर पाल सरो ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए आधुनिक तकनीक, कुशल मानव संसाधन और प्रभावी गुणवत्ता आश्वासन व्यवस्था का समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि क्यूसीआई के अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ लेकर हरियाणा में गुणवत्ता के मानकों को और मजबूत किया जा सकता है।
बैठक में क्यूसीआई के सेक्रेटरी जनरल चक्रवर्ती टी. कन्नन, QAA के हेड टेक्निकल विपिन शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर QCI और QAA के बीच सहयोग को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने तथा हरियाणा में गुणवत्ता के क्षेत्र में नई पहल करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।