चंडीगढ़ : मौजूदा सरकार द्वारा मनरेगा में किए गए बदलाव को लेकर कांग्रेस काफी आक्रोशित नजर आ रही है। इसको लेकर कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर पर और प्रदेश स्तर पर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी प्रकरण को लेकर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अगवाई में कांग्रेस पार्टी 25 फरवरी 2026 को हरियाणा विधानसभा का धमाकेदार और अटल घेराव करेगी। जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि यह घेराव केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की भाजपा सरकार की उस कुटिल साजिश के खिलाफ है, जो महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को समाप्त करने पर तुली हुई है। यह 'मनरेगा बचाओ संग्राम' का निर्णायक दौर है।
राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशा निर्देश अनुसार इस विधानसभा घेराव प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला तथा दीपेंद्र सिंह हुड्डा, सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल, प्रफुल्ल गुड्ढे, सभी सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, जिला अध्यक्ष एवं हजारों समर्पित कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि यह केवल प्रदर्शन नहीं, बल्कि भाजपा की जन-विरोधी नीतियों के खिलाफ आग़ाज़ होगा।